किसान दिवस में अधिकारी पहुंचे, किसान नदारद! एक घंटे में सिर्फ एक किसान ने रखी शिकायत
मुजफ्फरनगर कलेक्ट्रेट स्थित जिला पंचायत सभागार में आयोजित किसान दिवस में बुधवार को अजीबोगरीब नजारा देखने को मिला। किसानों की समस्याएं सुनने और उनका समाधान करने के लिए अधिकारी तो तय समय पर सभागार में पहुंच गए, लेकिन जिन किसानों के लिए यह आयोजन किया गया था, उनमें से एक भी किसान शुरुआत में नजर नहीं आया। किसान दिवस शुरू होने के करीब एक घंटे तक सभागार में किसानों की कुर्सियां खाली रहीं। इस दौरान महज एक किसान अपनी शिकायत लेकर पहुंचा।
हर महीने किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए आयोजित होने वाले किसान दिवस में किसानों की इस बेरुखी ने कई सवाल खड़े कर दिए। आखिर क्या किसानों की समस्याएं वास्तव में समाप्त हो गई हैं या फिर किसान दिवस से उनका भरोसा उठता जा रहा है?
इस मामले में एडीएम प्रशासन देश दीपक सिंह ने कहा कि अधिकारी लगातार किसानों की समस्याओं का समाधान कर रहे हैं। किसानों की शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई की जा रही है। संभवतः यही वजह है कि अब किसानों को अपनी समस्याएं लेकर किसान दिवस में आने की जरूरत महसूस नहीं हो रही है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि किसान दिवस के आयोजन की तारीख और समय पहले से निर्धारित हैं। प्रत्येक महीने तय तारीख और समय पर इसका आयोजन किया जाता है। अधिकारियों की मौजूदगी के बावजूद किसानों की गैरमौजूदगी ने किसान दिवस की उपयोगिता और किसानों की भागीदारी को लेकर चर्चा जरूर छेड़ दी है।
बाइट:- देश दीपक सिंह, एडीएम प्रशासन।
#Muzaffarnagar #KisanDiwas #UPNews #RajsattaPost
