तितावी पुलिस और 10 हजार के इनामी बदमाश के बीच मुठभेड़, गोली लगने से बदमाश घायल

राजसत्ता पोस्ट|असलम त्यागी

मुजफ्फरनगर जनपद के थाना तितावी क्षेत्र में सोमवार सुबह पुलिस और एक बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में ₹10 हजार का इनामी बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार घायल बदमाश की पहचान दिलशाद उर्फ डीलर पुत्र खलील, निवासी बघरा, थाना तितावी के रूप में हुई है। दिलशाद पर जनपद हरदोई से ₹10,000 का इनाम घोषित था। उसके खिलाफ गोकशी सहित आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज बताए गए हैं।

जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह तितावी पुलिस चिरमत टिल्ला के पास जसोई कट पर वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध वाहन को रुकने का इशारा किया। आरोप है कि वाहन सवार बदमाश ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दिलशाद उर्फ डीलर के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने मौके से उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले में वैधानिक कार्रवाई कर रही है। साथ ही आरोपी के कब्जे से बरामद हथियार, वाहन और अन्य सामान की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में तो नहीं था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *