कोचिंग से लौट रहे छात्र से मारपीट, लूट और अमानवीय व्यवहार के आरोप, चरथावल पुलिस ने गंभीर धाराओं में किया मुकदमा दर्ज
राजसत्ता पोस्ट |असलम त्यागी
मुजफ्फरनगर जनपद के थाना चरथावल क्षेत्र के ग्राम रोनी हरजीपुर के पास एक नाबालिग छात्र के साथ मारपीट, लूटपाट और कथित अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। इस मामले में पीड़ित छात्र के पिता की तहरीर पर चरथावल पुलिस ने नामजद एवं अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शामली जिले के ग्राम मसावी निवासी जाहिद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका 17 वर्षीय पुत्र फरीद ग्राम रोनी हरजीपुर में कोचिंग पढ़ने जाता है। आरोप है कि 27 मई 2026 की शाम को कोचिंग से घर लौटते समय ग्राम रोनी हरजीपुर निवासी पंकज ने उसे रास्ते में रोक लिया। इसके बाद वहां 5-6 अन्य युवक भी पहुंच गए और सभी ने मिलकर फरीद के साथ मारपीट की।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावरों ने छात्र का आईफोन (सिम सहित) छीन लिया और उसके साथ अमानवीय एवं अपमानजनक व्यवहार किया। मारपीट में घायल छात्र किसी तरह अपने घर पहुंचा, जिसके बाद परिजन उसे थानाभवन के सरकारी अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला चिकित्सालय शामली रेफर कर दिया, जहां उसका करीब सात दिनों तक उपचार चला। उपचार के बाद 2 जून 2026 को उसे अस्पताल से छुट्टी मिली।
पीड़ित परिवार का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट के साथ 3 जून 2026 को थाना चरथावल में प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गई थी। मामले में अब पुलिस ने तहरीर के आधार पर नामजद एवं अन्य अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थाना प्रभारी चरथावल ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले की विवेचना की जा रही है और जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

