शराब के ठेके का ग्रामीणों ने किया विरोध, महिलाओं ने तोड़ी शराब की बोतलें, पलटा लोहे का खोखा

राजसत्ता पोस्ट |असलम त्यागी

मुजफ्फरनगर जनपद के चरथावल थाना क्षेत्र के गांव पावटी खुर्द में गुरुवार शाम शराब का ठेका शुरू होने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। सैकड़ों महिलाओं और पुरुषों ने एकजुट होकर ठेके पर पहुंचकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। विरोध के दौरान कुछ महिलाओं ने ठेके से शराब की बोतलें बाहर निकालकर उन्हें तोड़ दिया तथा बिक्री के लिए रखा लोहे का खोखा भी पलट दिया। घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए।

हंगामे की सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक सत्यनारायण दहिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। आबकारी विभाग के निरीक्षक ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर ग्रामीणों से वार्ता की और उन्हें शांत कराया। काफी देर तक चली बातचीत के बाद स्थिति सामान्य हो सकी।

प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने कहा कि गांव में किसी भी कीमत पर शराब का ठेका संचालित नहीं होने दिया जाएगा। ग्रामीणों का आरोप है कि वे पहले भी ठेका हटाने की मांग को लेकर पुलिस और प्रशासन को शिकायत दे चुके हैं। उनका कहना है कि दो-तीन दिन पहले उन्होंने जिला मुख्यालय स्थित डीएम कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया था, जहां अधिकारियों ने एक सप्ताह के भीतर समाधान का आश्वासन दिया था। इसके बावजूद गांव में शराब की बिक्री शुरू होने से ग्रामीणों में नाराजगी है।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि ठेका नहीं हटाया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान ग्राम प्रधान अजीत सिंह, मोनू त्यागी, मोहम्मद मुरसलीन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और महिलाएं मौजूद रहीं। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए मामले में नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *