तितावी पुलिस मुठभेड़ में हिस्ट्रीशीटर आबिद गोली लगने से हुआ घायल, 32 मुकदमों का है आरोपी

असलम त्यागी |चरथावल 

मुजफ्फरनगर जनपद के थाना तितावी क्षेत्र में शनिवार देर रात पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में एक शातिर हिस्ट्रीशीटर बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल और अवैध तमंचा बरामद किया है। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार थाना तितावी पुलिस मुकन्दपुर झाल मार्ग पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बघरा-अमीरनगर मार्ग पर एक शातिर बदमाश किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है। सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष प्रमोद कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने क्षेत्र में घेराबंदी कर सतर्कता के साथ चेकिंग शुरू कर दी।

कुछ देर बाद एक संदिग्ध बाइक सवार आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपी बाइक मोड़कर तेजी से भागने लगा। भागने के दौरान बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। इसके बाद आरोपी पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करते हुए जंगल की ओर भागने लगा। पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए।

पुलिस ने बदमाश को फायरिंग बंद कर आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन आरोपी लगातार फायरिंग करता रहा। इसके बाद पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने मौके से उसे गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में घायल बदमाश की पहचान आबिद पुत्र मौसम निवासी ग्राम मांडी, थाना तितावी जनपद मुजफ्फरनगर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके कब्जे से बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल, एक तमंचा तथा 315 बोर का एक जिंदा और एक खोखा कारतूस बरामद किया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार आरोपी थाना तितावी का हिस्ट्रीशीटर अपराधी है, जिसका एचएस नंबर 6ए दर्ज है। आरोपी के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और चोरी समेत विभिन्न धाराओं में कुल 32 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें थाना तितावी, शाहपुर, चरथावल, खतौली, फुगाना, छपार, सिविल लाइन, लोनी और बागपत के विभिन्न थानों में दर्ज गंभीर मामले शामिल हैं।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ वर्ष 2005 से लगातार आपराधिक मुकदमे दर्ज होते रहे हैं। उस पर हत्या के कई मामले, गैंगस्टर एक्ट तथा पुलिस पर फायरिंग जैसे गंभीर आरोप भी हैं। पुलिस अब उसके आपराधिक नेटवर्क और अन्य साथियों के संबंध में जानकारी जुटाने में लगी है।

इस कार्रवाई को थाना अध्यक्ष प्रमोद कुमार, चौकी प्रभारी बघरा अमित चौधरी, उपनिरीक्षक शुभम त्यागी तथा पुलिस टीम के अन्य सदस्यों ने अंजाम दिया। पुलिस आरोपी के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *