विकास खंड चरथावल कार्यालय के सामने सफाई व्यवस्था बदहाल, बंद नाले से लोगों में रोष, लगाए गंभीर आरोप

असलम त्यागी | चरथावल 

मुजफ्फरनगर जनपद के चरथावल विकास खंड कार्यालय के सामने चरथावल देहात के अन्तर्गत सफाई व्यवस्था चरमराने और बंद नाले से गंदा पानी सड़कों पर फैलने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों ने चरथावल देहात प्रधान पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई है।

स्थानीय निवासी नोमान त्यागी ने बताया कि उनके घर के सामने लंबे समय से नाला बंद पड़ा है, जिससे गंदा पानी लगातार बाहर निकल रहा है। स्थिति इतनी गंभीर है कि आसपास गंदगी फैलने के साथ-साथ बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार चरथावल देहात ग्राम प्रधान से शिकायत की गई, लेकिन केवल आश्वासन ही मिला, समाधान नहीं हो सका। लोगों ने आरोप लगाया कि विकास खंड कार्यालय के सामने ही सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं है, ऐसे में अन्य क्षेत्रों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।

स्थानीय निवासियों ने बताया कि त्योहारों के दौरान भी उन्हें स्वयं सफाई व्यवस्था संभालनी पड़ती है। लोगों ने मांग की है कि बंद नाले की तत्काल सफाई कराई जाए और नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके, ग्रामीणों ने प्रशासन से इस समस्या का स्थायी समाधान करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *