इंसानियत की मिसाल! चरथावल में पशुओं की सेवा के लिए शर्मा परिवार ने भेंट की एम्बुलेंस, घायल बेसहारा पशुओं को मिलेगा समय पर उपचार 
असलम त्यागी | चरथावल
मुजफ्फरनगर जनपद के चरथावल कस्बे में समाज सेवा और पशु प्रेम की मिसाल पेश करते हुए स्वर्गीय पंडित उधवराम शर्मा की पुण्य स्मृति में उनके परिवार ने पशु सेवा के लिए एम्बुलेंस भेंट की। चरथावल कस्बे के बाजार कलां निवासी शर्मा परिवार द्वारा पशु प्रेमी सन्नी चोपड़ा को यह एम्बुलेंस सौंपी गई, जिसकी क्षेत्र में सराहना हो रही है।
चरथावल कस्बे के बाजार कलां शिव चौक स्थित मन भावन स्वीट्स वाले शर्मा परिवार के सदस्यों ने बताया कि स्वर्गीय पंडित उधवराम शर्मा हमेशा समाज सेवा और जरूरतमंदों की सहायता के लिए तत्पर रहते थे। उनकी स्मृति को जीवित रखने और पशुओं की सेवा के उद्देश्य से यह एम्बुलेंस समर्पित की गई है, ताकि घायल और बीमार पशुओं को समय पर उपचार मिल सके।
परिवार के सदस्य नितिन शर्मा, जो वर्तमान में गुजरात के सूरत शहर में रहते हैं, ने यह एम्बुलेंस भेंट की। उन्होंने कहा कि समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाना ही स्वर्गीय पंडित उधवराम शर्मा को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
पशु प्रेमी सन्नी चोपड़ा ने शर्मा परिवार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह एम्बुलेंस बेसहारा और घायल पशुओं के लिए काफी मददगार साबित होगी। उन्होंने बताया कि अब क्षेत्र में घायल पशुओं की सूचना मिलते ही उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाने की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
इस अवसर पर कस्बे के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक कदम बताया।

