छुटमलपुर में अंजुमन गाड़ा फाउंडेशन का सम्मान समारोह संपन्न, सामाजिक कुरीतियों पर रोक लगाने का आह्वान

असलम त्यागी

सहारनपुर जनपद के छुटमलपुर में अंजुमन गाड़ा फाउंडेशन की ओर से पंच, हल्का सरपंच और तहसील सदर स्तर का सम्मान समारोह सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बिरादरी के बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया और सामाजिक एकजुटता का संकल्प लिया, समारोह के दौरान वक्ताओं ने समाज में आपसी सहयोग और भाईचारे को मजबूत करने पर जोर दिया। इसी क्रम में मुजफ्फरनगर तहसील सदर के मुराद आलम ग़य्यूर ने सभा को संबोधित करते हुए एकता की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।

उन्होंने दहेज प्रथा, पटाखों के अत्यधिक उपयोग जैसी सामाजिक कुरीतियों पर रोक लगाने की अपील की। साथ ही उन्होंने संकेत दिया कि जल्द ही मुजफ्फरनगर जनपद में बिरादरी के जिम्मेदार लोगों से सलाह-मशविरा कर एक सामूहिक अपील जारी की जाएगी।

इस प्रस्तावित अपील में शिक्षा को बढ़ावा देने, दहेज प्रथा समाप्त करने, सगाई की रस्म को सीमित या समाप्त करने, विवाह समारोहों में अत्यधिक बारातियों को शामिल न करने तथा भोजन में अनावश्यक विविधता और फिजूलखर्ची रोकने जैसे सुझाव शामिल हो सकते हैं।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने सामाजिक सुधारों को अपनाने और समाज में जागरूकता फैलाने की शपथ ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *