रिश्तों का कत्ल: युवक ने गर्भवती भाभी को फावडे से हमला कर उतारा मौत के घाट
असलम त्यागी
सहारनपुर जनपद के ननौता थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को हिला दिया है। 10 मई रविवार शाम एक युवक ने अपनी ही गर्भवती भाभी की फावड़े से हमला कर निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी करीब दो घंटे तक शव के पास बैठा रहा और घर में गैस सिलेंडर खोलकर आग लगाने की धमकी देता रहा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी और दहशत फैल गई।
जानकारी के अनुसार, मृतका सना नाज की शादी करीब पांच महीने पहले सलमान से लव मैरिज के रूप में हुई थी। वह लगभग पांच माह की गर्भवती थी और परिवार में सब कुछ सामान्य चल रहा था। रविवार रात घर में उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई जब सलमान का छोटा भाई आमिर नशे की हालत में घर पहुंचा।
परिजनों के अनुसार, किसी बात को लेकर आमिर और सना नाज के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने गुस्से में आकर घर में रखा फावड़ा उठा लिया और सना पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में सना के सिर, पेट और छाती पर गंभीर चोटें आईं, जिससे वह मौके पर ही लहूलुहान हो गई।
शोर सुनकर पति सलमान कमरे की ओर दौड़ा, लेकिन आरोपी खून से सना फावड़ा लेकर दरवाजे पर खड़ा हो गया और किसी को अंदर नहीं आने दिया। इसके बाद वह और अधिक उग्र हो गया और घर का गैस सिलेंडर खोलकर धमकी देने लगा कि अगर कोई अंदर आया तो वह पूरे घर में आग लगा देगा।
घटना की गंभीरता को देखते हुए मोहल्ले के लोग भी मौके पर इकट्ठा हो गए, लेकिन आरोपी के हाथ में हथियार और धमकी के चलते कोई भी आगे बढ़ने की हिम्मत नहीं कर सका। करीब दो घंटे तक घर में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आरोपी आमिर को काबू में लिया। घायल सना नाज को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है, वहीं स्थानीय लोग इसे बेहद अमानवीय और भयावह घटना बता रहे हैं।


