देवबंद में त्यागी ब्राह्मण समाज का बड़ा ऐलान: टिकट नहीं मिला तो 2027 में उतारेंगे निर्दलीय प्रत्याशी, सीएम दौरे से पहले प्रेस वार्ता से बढ़ी सियासी हलचल
प्रशांत त्यागी
देवबंद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित दौरे से एक दिन पहले त्यागी ब्राह्मण समाज ने संयुक्त प्रेस वार्ता कर सियासी माहौल गर्म कर दिया। राष्ट्रीय त्यागी भूमिहार ब्राह्मण समाज समिति के अध्यक्ष मांगेराम त्यागी ने साफ चेतावनी दी कि यदि 2027 के विधानसभा चुनाव में किसी भी राजनीतिक दल ने देवबंद सीट से त्यागी ब्राह्मण समाज के प्रत्याशी को टिकट नहीं दिया, तो समाज अपना निर्दलीय उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतारेगा।

देवबंद की शिक्षक नगर कॉलोनी स्थित धर्मशाला में आयोजित बैठक में मांगेराम त्यागी ने कहा कि समाज लंबे समय से एकजुट होकर भाजपा को समर्थन देता आया है, लेकिन बदले में उपेक्षा और अनदेखी मिली है। उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार समाज को ठगा गया और सम्मान नहीं दिया गया। उन्होंने यह भी कहा कि जल्द ही निर्दलीय प्रत्याशी के नाम की घोषणा कर दी जाएगी।
मांगेराम त्यागी ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनका कोई व्यक्तिगत विरोध नहीं है और समाज हमेशा उनके सम्मान में खड़ा रहा है, लेकिन देवबंद में समाज के साथ हुए कथित शोषण, युवाओं की अनदेखी और लगातार अपमान को भुलाया नहीं जा सकता।
बैठक में ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष रोहित कौशिक ने भी भाजपा पर तीखे आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि विधायक से लेकर मंत्री और संगठन के पदाधिकारी ठेकेदारी में लगे हैं और अपार संपत्ति बना चुके हैं, लेकिन इसकी कोई जांच नहीं होती। वहीं सहारनपुर में त्यागी ब्राह्मण समाज के लोगों के साथ हो रहे व्यवहार पर भी उन्होंने नाराजगी जताई।
रोहित कौशिक ने यूजीसी कानून के मुद्दे को उठाते हुए कहा कि इसके नाम पर देश में विभाजन की साजिश रची जा रही है, जो निंदनीय है। उन्होंने चेतावनी दी कि समाज का विरोध करने वालों के लिए उत्तर प्रदेश की राजनीति में जगह नहीं बचेगी।
कार्यक्रम में आरएसएस नेता सौराज सिंह ने समाज को एकजुट रहने और सामाजिक कुरीतियों व नशाखोरी से दूर रहने का संदेश दिया। इस दौरान त्यागी सभा देवबंद के अध्यक्ष मनोज त्यागी, राकेश प्रधान, विजेंदर त्यागी, संजय त्यागी, दीपक त्यागी, आचार्य वासुदेव, शुभम वत्स, राजेश शर्मा, सुमित त्यागी, विश्व हिंदू परिषद के जिला संयोजक रोहित त्यागी, बजरंग दल नेता मनीष त्यागी, अनुज त्यागी सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
सीएम के दौरे से ठीक पहले हुई इस प्रेस वार्ता को राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, बैठक के दौरान खुफिया विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे और पल-पल की जानकारी उच्च अधिकारियों तक पहुंचाई गई। इस घटनाक्रम के बाद क्षेत्र की राजनीति में हलचल तेज हो गई है और भाजपा के लिए यह एक बड़ा संकेत माना जा रहा है।
#AnujTyagiPost #RajsattaPost

