जलभराव से जनजीवन प्रभावित, गंदगी और मच्छरों से बढ़ा खतरा, स्थानीय लोगों ने लगाए गंभीर आरोप

असलम त्यागी | चरथावल 

मुजफ्फरनगर जनपद के चरथावल देहात क्षेत्र की महादेव कॉलोनी और आसपास के इलाकों में जलनिकासी व्यवस्था पूरी तरह चरमराने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लंबे समय से नालों की सफाई न होने के कारण सड़कों पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है, जिससे स्थानीय जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है।

चरथावल के ऐतिहासिक महादेव मंदिर के निकट स्थित कॉलोनी और रोहाना मोड़ क्षेत्र में नालियों के चोक होने से गंदा पानी सड़कों पर भर गया है। कई स्थानों पर घुटनों तक पानी जमा होने के कारण लोगों का आवागमन बाधित हो गया है। विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि रुके हुए गंदे पानी और कचरे के कारण मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ गया है, जिससे डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है। लोगों ने आरोप लगाया कि बार-बार शिकायत के बावजूद जिम्मेदार विभागों द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

ग्रामीणों के अनुसार ब्लॉक कार्यालय, ईओ और ग्राम प्रधान को कई बार शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन केवल आश्वासन ही मिले हैं, जबकि मौके पर स्थिति जस की तस बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि जल्द से जल्द नालों की सफाई, सीवर लाइन की व्यवस्था और जलभराव वाले मार्गों की मरम्मत कराई जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *