चरथावल में पंचायत प्रतिनिधियों की बैठक संपन्न, लखनऊ सम्मेलन को लेकर बनी रणनीति
असलम त्यागी | चरथावल
मुजफ्फरनगर जनपद के चरथावल ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम प्रधानों और पंचायत प्रतिनिधियों की एक महत्वपूर्ण बैठक 12 मई 2026 को विकासखंड कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में आगामी 20 मई को लखनऊ के रमाबाई अंबेडकर मैदान में प्रस्तावित अखिल भारतीय प्रधान संगठन के विशाल सम्मेलन की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक के दौरान सम्मेलन में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने, ग्राम प्रधानों की प्रमुख मांगों पर रणनीति बनाने और प्रतिनिधियों की यात्रा व्यवस्था सहित विभिन्न बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया। पंचायत प्रतिनिधियों से अपील की गई कि वे बड़ी संख्या में सम्मेलन में शामिल होकर अपनी एकजुटता का प्रदर्शन करें।
सम्मेलन में पंचायत चुनाव समय पर कराए जाने, ग्राम प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाने, पंचायतों को आर्थिक एवं प्रशासनिक अधिकार दिए जाने, मानदेय में वृद्धि तथा ग्राम पंचायतों के विकास के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध कराने जैसी प्रमुख मांगों को उठाया जाएगा। संगठन का उद्देश्य ग्राम प्रधानों की एकता को मजबूत करना और उनकी आवाज को सरकार तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना है।
बैठक को लेकर क्षेत्र में खासा उत्साह देखने को मिला और पंचायत प्रतिनिधियों में सम्मेलन को सफल बनाने को लेकर सक्रियता बढ़ गई है।

