चरथावल में “रीडिंग पॉइंट लाइब्रेरी” का भव्य शुभारम्भ, छात्रों को मिलेगा शांत और आधुनिक अध्ययन वातावरण
असलम त्यागी | चरथावल
मुजफ्फरनगर जनपद के कस्बा चरथावल में छात्रों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित “रीडिंग पॉइंट लाइब्रेरी” का शुभारम्भ किया गया। लाइब्रेरी का उद्घाटन प्रमुख समाजसेवी एवं चरथावल चेयरमैन पद के प्रत्याशी अभिषेक बंसल तथा क्षेत्र के पत्रकारों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के गणमान्य लोग, स्थानीय नागरिक, छात्र-छात्राएं और युवा बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
लाइब्रेरी के संचालक सय्यद सलमान ने बताया कि आज के समय में विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए शांत और अनुशासित माहौल नहीं मिल पाता, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित होती है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए “रीडिंग पॉइंट लाइब्रेरी” की स्थापना की गई है, ताकि छात्रों को एक ऐसा बेहतर वातावरण मिल सके जहां वे एकांत में बैठकर पूरी एकाग्रता के साथ अध्ययन कर सकें और अपने भविष्य को नई दिशा दे सकें।
उन्होंने बताया कि लाइब्रेरी में छात्रों की सुविधा के लिए हाई-स्पीड वाई-फाई, फुल ए.सी. हॉल, सीसीटीवी कैमरा सुरक्षा, आरओ शुद्ध पेयजल और रोजाना समाचार पत्र जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इन सुविधाओं से छात्र ऑनलाइन अध्ययन सामग्री, करंट अफेयर्स और सामान्य ज्ञान की जानकारी भी आसानी से प्राप्त कर सकेंगे।
सहयोगी संचालक सय्यद शुऐब ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल एक लाइब्रेरी शुरू करना नहीं, बल्कि क्षेत्र के युवाओं को एक सकारात्मक और प्रेरणादायक अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराना है, जिससे वे अपने सपनों को साकार कर सकें और सफलता की नई ऊंचाइयों तक पहुंच सकें।यह लाइब्रेरी रोहाना रोड स्थित हीरो बाइक एजेंसी के पास, बिलाल मस्जिद के निकट चरथावल में स्थापित की गई है।
उद्घाटन समारोह में मौजूद लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह लाइब्रेरी क्षेत्र के छात्रों के लिए बेहद लाभकारी साबित होगी और उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है इस दौरान सुहैल उर्फ लड्डन सभासद, इरशाद अंसारी, गौतम नितिन त्यागी, पत्रकार शक्तिदेव त्यागी, असलम त्यागी पत्रकार, मोइन त्यागी पत्रकार, कपिल राणा पत्रकार, नवाब अहमद पत्रकार, जावेद आलम पत्रकार, गौरव चौटाला, आलम त्यागी सभासद, सय्यद फरीद, इमरान पीरजी, सय्यद उवैस, सालिक आरिश अब्दुर्रहमान आदि लोग मौजूद रहे।

