रात के अंधेरे में हरे-भरे आम के पेड़ों का अवैध कटान, पुलिस छापेमारी में आरोपी गिरफ्तार

असलम त्यागी |चरथावल 

मुजफ्फरनगर जनपद के चरथावल थाना क्षेत्र के ग्राम खुसरोपुर के जंगल में अवैध रूप से हरे-भरे आम के पेड़ों के कटान का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि रात के अंधेरे में बिना किसी अनुमति के पेड़ों को काटा जा रहा था, जिसमें वन विभाग की मिलीभगत की भी आशंका जताई जा रही है।

गुप्त सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस ने मौके पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान मौके पर मौजूद व्यक्तियों से जब संबंधित कागजात मांगे गए तो वे कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

इसके बाद पुलिस ने वन विभाग की टीम को बुलाकर मौके पर जांच कराई। कार्रवाई के दौरान आरोपियों को हिरासत में लेने के साथ ही कटे हुए हरे-भरे पेड़ और एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को भी कब्जे में ले लिया गया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

थाना प्रभारी ने बताया कि इस प्रकरण में सख्त कार्रवाई की जाएगी और आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार, चरथावल क्षेत्र में बिना अनुमति कई आरा मशीनें संचालित हो रही हैं, जहां रात के समय हरे-भरे पेड़ों को काटकर अवैध रूप से निस्तारित किया जाता है।

अब सवाल उठता है कि आखिर जिला प्रशासन, वन विभाग और जिला अधिकारी इस गंभीर मामले पर कब व्यापक स्तर पर जांच और सख्त कार्रवाई करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *