दूसरी शादी की चाह में मां बनी हैवान, 8 साल की बेटी को ट्रेन के आगे धकेला
ब्रेकिंग न्यूज | नर्मदापुरम (मध्य प्रदेश)
नर्मदापुरम से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक मां ने अपनी ही आठ साल की मासूम बेटी को मौत के घाट उतार दिया। आरोप है कि महिला ने दूसरी शादी की राह में आ रही बाधा को हटाने के लिए अपनी बच्ची को ट्रेन के आगे धक्का दे दिया।

जानकारी के अनुसार, 17 मार्च 2026 को अंजू राजपूत नाम की महिला अपनी बेटी के साथ नर्मदापुरम रेलवे स्टेशन पर करीब तीन घंटे तक इधर-उधर घूमती रही। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रात करीब 8 बजे जैसे ही तमिलनाडु एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म पर पहुंची, महिला ने अपनी बेटी को ट्रेन के सामने धक्का दे दिया। घटना को देखकर मौके पर अफरातफरी मच गई और यात्रियों के साथ-साथ जीआरपी पुलिस तुरंत हरकत में आई।
गंभीर रूप से घायल बच्ची को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक देखते हुए उसे भोपाल रेफर कर दिया गया। भोपाल में करीब 13 दिनों तक जिंदगी और मौत के बीच जूझने के बाद 30 मार्च को बच्ची ने दम तोड़ दिया।
घटना के बाद रेलवे पुलिस ने पहले हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था, लेकिन बच्ची की मौत के बाद इसे हत्या में बदल दिया गया। पुलिस ने आरोपी मां अंजू राजपूत को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जांच के दौरान सामने आया कि महिला के पहले पति की मृत्यु हो चुकी थी, जिसके बाद उसे अनुकंपा के आधार पर कृषि विभाग में नौकरी मिली थी। उसकी एकमात्र आठ साल की बेटी थी, लेकिन वह दूसरी शादी करना चाहती थी। पुलिस के अनुसार, इसी वजह से उसने अपनी ही बेटी को रास्ते से हटाने का खौफनाक फैसला लिया।
पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि महिला पहले भी कई बार अपनी बेटी को रेलवे स्टेशन लेकर गई थी, लेकिन हर बार वह ऐसा कदम उठाने से रुक गई। हालांकि 17 मार्च की रात उसने अपनी ममता को दरकिनार कर इस जघन्य वारदात को अंजाम दे दिया।
शुरुआत में आरोपी महिला ने खुद को बेगुनाह बताया, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और अन्य पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है।
इस घटना ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है और लोगों में भारी आक्रोश के साथ गहरा शोक व्याप्त है।
#Narmadapuram #MadhyaPradesh #CrimeNews #BreakingNews #AnujTyagiPost

