मुजफ्फरनगर: ई-रिक्शा चालक शमीम की हत्या का 48 घंटे में खुलासा, मुठभेड़ में दो बदमाश घायल, तीन गिरफ्तार

मुजफ्फरनगर। एसएसपी सूरज कुमार राय के पर्यवेक्षण में एसपी सिटी अमृत जैन, एएसपी/सीओ सिटी सिद्धार्थ के. मिश्रा और थाना सिविल लाइन प्रभारी रघुराज सिंह के नेतृत्व में थाना सिविल लाइन पुलिस व एसओजी की संयुक्त टीम ने ई-रिक्शा चालक मोहम्मद शमीम की हत्या का 48 घंटे के अंदर खुलासा कर दिया। पुलिस मुठभेड़ में दो आरोपी घायल हो गए, जबकि तीसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार, 8 नवंबर को थाना नई मंडी क्षेत्र के ग्राम जटमुझेडा के जंगल में बाकरनगर मार्ग स्थित ईख के खेत में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला था। मृतक की पहचान हाजीपुरा सरवट निवासी मोहम्मद शमीम पुत्र बाबू के रूप में हुई थी। परिजनों की तहरीर पर थाना सिविल लाइन में हत्या और लूट का मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीमों को खुलासे के लिए लगाया गया था।

10 नवंबर को संधावली अंडरपास के पास पुलिस व एसओजी की संयुक्त टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान ई-रिक्शा पर सवार तीन संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने भागने का प्रयास करते हुए पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो आरोपी घायल हो गए, जबकि तीसरे को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया।

तीनों आरोपी ग्राम रसूलपुर के निवासी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास पुत्र सुनील (24 वर्ष), अनिल पुत्र सोमपाल (25 वर्ष) और आकाश सैनी पुत्र विनोद सैनी (26 वर्ष), निवासी ग्राम रसूलपुर थाना भोपा, मुजफ्फरनगर के रूप में हुई है। विकास और अनिल मुठभेड़ में घायल हुए हैं।

200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली

पुलिस के अनुसार, घटना के खुलासे के लिए 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। सर्विलांस, तकनीकी और मैनुअल इनपुट की मदद से आरोपियों तक पहुंचा गया।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ई-रिक्शा चालकों को दूसरे स्थान पर जाने के बहाने बुलाते थे और सुनसान जगह पर ले जाकर ई-रिक्शा लूट लेते थे। 6 नवंबर को उन्होंने विश्वकर्मा चौक से ग्राम बाकरनगर जाने के लिए मोहम्मद शमीम का ई-रिक्शा बुक किया था। इसके बाद जटमुझेडा-बाकरनगर मार्ग के जंगल में शमीम की हत्या कर ई-रिक्शा और मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए थे।

ये सामान हुआ बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे 315 बोर, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, मृतक का लूटा हुआ ई-रिक्शा, मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त चाकू और एक अन्य मोबाइल फोन बरामद किया है।

पुलिस ने घायल आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। तीनों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इस संबंध में एसपी सिटी अमृत जैन ने पुलिस कार्रवाई की जानकारी देते हुए बाइट भी दी।

#Muzaffarnagar #CrimeNews #MuzaffarnagarPolice #RajsattaPost

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed