माता-पिता और दो भाइयों को खोने वाली संजना के लिए सहारा बने कौशांबी के SP, पत्नी-बेटी के साथ घर पहुंचकर मनाई दीपावली; पढ़ाई का पूरा खर्च उठाने की जिम्मेदारी ली

कौशांबी। दीपावली के पावन पर्व पर कौशांबी के पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत ने मानवता, संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी की अनूठी मिसाल पेश की। पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट में अपने माता-पिता और दो भाइयों को खोने वाली मासूम संजना के घर पहुंचकर उन्होंने न केवल उसे दीपावली का उपहार दिया, बल्कि उसके भविष्य को संवारने की जिम्मेदारी भी उठाई।

दरअसल, 31 अगस्त 2026 को कौशांबी के चिल्ला शाहबाजी क्षेत्र में अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट ने कई परिवारों को उजाड़ दिया था। इस दर्दनाक हादसे में संजना ने अपने माता-पिता और दो भाइयों को खो दिया था। इतनी कम उम्र में परिवार के चार सदस्यों को खोने के बाद बच्ची के सामने भविष्य और पढ़ाई को लेकर बड़ी चुनौतियां खड़ी हो गई थीं।

दीपावली के अवसर पर पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत अपनी पत्नी और बेटी के साथ संजना के घर पहुंचे। उन्होंने बच्ची को दीपावली का उपहार भेंट किया और उसके साथ समय बिताकर स्नेह एवं अपनापन जताया। एसपी और उनके परिवार की इस आत्मीय मुलाकात से बच्ची को भावनात्मक संबल मिला।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने संजना की पूरी पढ़ाई का खर्च उठाने की जिम्मेदारी लेने का निर्णय किया। उन्होंने यह पहल कर भरोसा दिलाया कि परिवार के इस कठिन दौर में उसकी शिक्षा और भविष्य को लेकर उसे अकेला नहीं छोड़ा जाएगा।

दीपावली पर पुलिस अधीक्षक की यह पहल केवल उपहार देने तक सीमित नहीं रही, बल्कि एक ऐसी बच्ची के भविष्य को सुरक्षित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हुई, जिसने एक हादसे में अपना पूरा परिवार खो दिया। एसपी सत्यनारायण प्रजापत और उनके परिवार की इस संवेदनशील पहल की सराहना हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed