शामली में भीषण सड़क हादसा, नोएडा में तैनात दरोगा वैभव कुमार की मौत; साथी गंभीर घायल

शामली। शामली में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे के पास रविवार रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में नोएडा के सेक्टर-49 थाने में तैनात दरोगा वैभव कुमार की मौत हो गई, जबकि उनके साथ कार में सवार दोस्त प्रशांत चौहान गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की खबर से पुलिस विभाग और परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, दरोगा वैभव कुमार अपने दोस्त प्रशांत चौहान (30) के साथ कार में सवार होकर दीपावली की छुट्टियां बिताने के बाद ड्यूटी पर लौट रहे थे। इसी दौरान शामली में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे के पास अचानक उनकी कार के सामने नीलगाय आ गई। नीलगाय से टकराने के बाद कार अनियंत्रित हो गई और आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार चला रहे दरोगा वैभव कुमार की मौत हो गई, जबकि उनके दोस्त प्रशांत चौहान गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल प्रशांत को उपचार के लिए हरिद्वार के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बताया गया है कि दरोगा वैभव कुमार मूल रूप से सहारनपुर जिले के रामपुर मनिहारान थाना क्षेत्र के गांव घसौली के निवासी थे। वह नोएडा के सेक्टर-49 थाने में उपनिरीक्षक के पद पर तैनात थे। दीपावली की छुट्टियां बिताने के बाद वह वापस अपनी ड्यूटी पर लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने उनकी जिंदगी छीन ली।

इस दुखद घटना से उनके पैतृक गांव और पुलिस विभाग में शोक का माहौल है।

#Shamli #RoadAccident #UPPolice #RajsattaPost

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *