मुजफ्फरनगर में युवक की गोली मारकर हत्या, प्रेम प्रसंग में रंजिश की आशंका
मुजफ्फरनगर के भोपा थाना क्षेत्र के शाहदरा बांगर गांव में सोमवार शाम एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 24 वर्षीय अक्षय, पुत्र चन्द्रपाल रोहिवाल के रूप में हुई है। घटना से गांव में सनसनी फैल गई और परिजनों में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार अक्षय शाम के समय खेत से घर लौट रहा था, तभी रास्ते में गांव के ही कुछ लोगों ने उसे घेर लिया। आरोप है कि पहले उसके साथ मारपीट की गई। जान बचाने के लिए वह पास के एक घर में घुस गया, लेकिन हमलावर वहां भी पहुंच गए और उसे गोली मार दी।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। एसपी देहात आदित्य बंसल, क्षेत्राधिकारी और थाना भोपा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मृतक के परिजनों ने गांव के ही तीन लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है और सख्त कार्रवाई की मांग की है। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है, जिसके चलते पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है।
बताया गया है कि अक्षय दिल्ली में नौकरी करता था और इन दिनों छुट्टी पर घर आया हुआ था। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
#AnujTyagiPost

