सड़क पर स्टंटबाजी करने वाले दो युवक गिरफ्तार, बाइक सीज
असलम त्यागी
मुजफ्फरनगर जनपद के थाना छपार क्षेत्र में सार्वजनिक सड़क पर खतरनाक स्टंटबाजी कर उसे सोशल मीडिया पर वायरल करना दो युवकों को भारी पड़ गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी मोटरसाइकिल सीज कर दी।
पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर डॉ. रविशंकर ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में दो युवक बरला-बसेड़ा मार्ग पर मोटरसाइकिल से खतरनाक स्टंट करते दिखाई दिए। वीडियो का संज्ञान लेते हुए थाना छपार पुलिस ने जांच की, जिसमें पाया गया कि युवक न केवल अपनी जान जोखिम में डाल रहे थे, बल्कि सड़क पर चल रहे आम लोगों की सुरक्षा के लिए भी खतरा पैदा कर रहे थे।
इसके बाद क्षेत्राधिकारी सदर डॉ. रविशंकर एवं थानाध्यक्ष छपार मोहित कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों युवकों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में ग्राम बसेड़ा (थाना छपार) निवासी जुनैद पुत्र अनीस तथा हरिद्वार जनपद के थाना सिडकुल क्षेत्र के हाजरा ग्रांट निवासी वसीम पुत्र नसीम शामिल हैं।

