शहीद दिवस के अवसर पर बघरा में रक्तदान शिविर का आयोजन, दर्जनों लोगों ने किया रक्तदान

असलम त्यागी |चरथावल

मुज़फ्फरनगर। विकास खंड बघरा क्षेत्र में शहीद दिवस के अवसर पर मेन बस स्टैंड पर एक भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। 23 मार्च को आयोजित इस शिविर में क्षेत्र के दर्जनों लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान किया और मानव सेवा का संदेश दिया।

शिविर के दौरान “एक यूनिट रक्त कई ज़िंदगियां बचा सकता है” और “रक्तदान महादान” जैसे संदेशों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम का आयोजन एस.एस.डी. सेवा ट्रस्ट बघरा एवं अमूल्य जीवन ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।

इस अवसर पर उपस्थित सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं आयोजकों ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह सबसे बड़ा दान है, जिससे जरूरतमंद मरीजों की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से अपील की कि वे आगे आएं और नियमित रूप से रक्तदान कर समाज सेवा में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मौजूद रही, जिन्होंने सभी रक्तदाताओं की जांच के बाद सुरक्षित तरीके से रक्त संग्रह किया। कार्यक्रम के अंत में सभी रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

यह रक्तदान शिविर क्षेत्र में सामाजिक जागरूकता और मानव सेवा की एक प्रेरणादायक मिसाल बनकर सामने आया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *