प्रयागराज कोल्ड स्टोरेज हादसा: दूसरे दिन भी रेस्क्यू जारी, 4 शव बरामद, कई घायल
प्रयागराज के फाफामऊ स्थित आदर्श कोल्ड स्टोरेज में हुए भीषण हादसे के बाद दूसरे दिन भी राहत और बचाव कार्य जारी है। मलबे को हटाने के लिए जेसीबी और बुलडोजर की मदद ली जा रही है, जबकि प्रशासन और राहत टीमें लगातार मौके पर डटी हुई हैं।
अब तक हादसे में 4 लोगों के शव निकाले जा चुके हैं, वहीं 17 घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। आशंका जताई जा रही है कि मलबे के नीचे अभी भी कुछ लोग फंसे हो सकते हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय जोरदार धमाका हुआ, जिसकी आवाज इतनी तेज थी कि लोगों को बम विस्फोट जैसा महसूस हुआ। कुछ ही पलों में पूरी इमारत भरभराकर गिर गई, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि हादसे के समय कोल्ड स्टोरेज में करीब 110 कर्मचारी मौजूद थे। दोपहर का समय होने के कारण कई मजदूर लंच के लिए बाहर थे, जिससे बड़ी संख्या में लोगों की जान बच गई। हालांकि कुछ कर्मचारी अंदर आराम कर रहे थे, जो मलबे में दब गए।
मामले में पुलिस ने कोल्ड स्टोरेज के मालिक, जो एक स्थानीय राजनीतिक व्यक्ति बताए जा रहे हैं, के बेटे समेत 12 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इनमें 7 नामजद और 5 अज्ञात शामिल हैं। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो भतीजों सहित चार लोगों को हिरासत में लिया है।
प्रशासन ने हादसे की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
#AnujTyagiPost

