कुल्हेड़ी प्राथमिक उप स्वास्थ्य केंद्र की बदहाली पर ग्रामीणों का विरोध, सीएचसी चरथावल में सौंपा ज्ञापन

असलम त्यागी | चरथावल 

मुजफ्फरनगर। जनपद के चरथावल क्षेत्र के ग्राम कुल्हेड़ी स्थित प्राथमिक उप स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। समाजसेवी एवं वार्ड 12 से जिला पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशी अहताशाम राणा कुल्हेड़ी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सेवाओं की खराब स्थिति के विरोध में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चरथावल को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र सुधार की मांग की।

ग्रामीणों का आरोप है कि पर्याप्त भवन एवं बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध होने के बावजूद पीएचसी पर एक भी स्थायी चिकित्सक की नियुक्ति नहीं है। चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ तथा तकनीकी कर्मचारियों के अभाव में स्वास्थ्य केंद्र पूर्णतः निष्क्रिय बना हुआ है, जिसके चलते यह मात्र एक खाली भवन बनकर रह गया है।

ग्रामीणों ने बताया कि सामान्य उपचार एवं परामर्श के लिए भी गांव की महिलाओं और बालिकाओं को दूरस्थ अस्पतालों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, जिससे उन्हें भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों की मांग है कि स्वास्थ्य केंद्र पर तत्काल प्रभाव से चिकित्सकों की एक समर्पित टीम नियुक्त की जाए तथा नियमित रूप से बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) का संचालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को शासकीय स्वास्थ्य सेवाओं का समुचित लाभ प्राप्त हो सके।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि इस गंभीर जनहित के मुद्दे पर शीघ्र ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

इस अवसर पर अहतेशाम उर्फ बबलू ठाकुर, शाहनवाज राना, जीशान राना, अनस राणा सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *