देहरादून में “साड़ी थॉन” का भव्य आयोजन, 500 महिलाओं ने बढ़ाया भारतीय संस्कृति का मान
असलम त्यागी
देहरादून शहर में भारतीय परंपरा और संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 28 मार्च को द दून क्लब में “साड़ी थॉन” का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन वेणु अग्रहरी ढींगरा और सह-संस्थापक रजत शक्ति द्वारा किया गया। देहरादून में यह साड़ी थॉन का तीसरा एडिशन रहा, जिसमें करीब 500 महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ऋतु खंडूरी मौजूद रहीं। रश्मि बर्धन विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं, जबकि गीता धामी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। वहीं, राज्य मंत्री मधु भट्ट ने ध्वज दिखाकर कार्यक्रम की शुरुआत की।
इस आयोजन के तहत सभी महिलाएं साड़ी पहनकर दून क्लब से पैदल यात्रा पर निकलीं, जो सर्वे चौक तक पहुंची और पुनः दून क्लब आकर समाप्त हुई। पूरे आयोजन के दौरान शहर में साड़ी जैसे पारंपरिक परिधान के प्रति उत्साह और जागरूकता का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम में मीना सहगल द्वारा सूफी गायन की मनमोहक प्रस्तुति दी गई, जिसने सभी का ध्यान आकर्षित किया। इसके अलावा श्वेता चौबे, शालिनी सूरी, पूजा मारवाह, सुरभि सपरा, सरिता डोभाल, अंजली सिन्हा सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी महिलाओं ने भी सक्रिय सहभागिता की।
आयोजन स्थल पर विभिन्न प्रकार के स्टॉल भी लगाए गए, जहां महिलाओं ने खरीदारी और अन्य गतिविधियों का आनंद लिया। यह कार्यक्रम भारतीय संस्कृति और साड़ी जैसे पारंपरिक परिधान के प्रचार-प्रसार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

