चोपता-तुंगनाथ घाटी का एसपी ने किया निरीक्षण, यात्रा सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा

रुद्रप्रयाग। आगामी यात्रा सीजन को लेकर सुरक्षा व्यवस्थाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने चोपता-तुंगनाथ घाटी का विस्तृत भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने कोतवाली ऊखीमठ क्षेत्र के भीरी-मक्कूमठ मार्ग से लेकर दुगलबिट्टा और तुंगनाथ के प्रवेश द्वार चोपता तक पूरे यात्रा मार्ग की स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने मर्कटेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना कर स्थानीय पुजारियों व हक-हकूकधारियों से संवाद किया। उन्होंने यात्रा के दौरान आने वाली समस्याओं और चुनौतियों पर चर्चा करते हुए बेहतर समन्वय के साथ व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके बाद चोपता पहुंचकर उन्होंने निर्माणाधीन पुलिस चौकी का निरीक्षण किया और कार्यदायी संस्था को गुणवत्ता व समयबद्धता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्थायी पुलिस चौकी बनने से यात्रियों और स्थानीय लोगों को सुरक्षा व सहायता में बड़ी राहत मिलेगी।

दुगलबिट्टा में संचालित अस्थायी पुलिस चौकी का भी निरीक्षण करते हुए एसपी ने पुलिसकर्मियों को यात्रियों के साथ सौम्य व्यवहार, सुचारू यातायात प्रबंधन और आकस्मिक परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

गौरतलब है कि तुंगनाथ घाटी धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ केदारनाथ धाम और बदरीनाथ धाम के बीच महत्वपूर्ण मार्ग है। ऐसे में बढ़ते यात्री आवागमन को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने पर जोर दिया गया।

इस मौके पर पुलिस उपाधीक्षक विकास पुण्डीर, यातायात निरीक्षक कैलाश चन्द्र शर्मा, एसएचओ मनोज नेगी समेत पुलिस बल मौजूद रहा।

#AnujTyagiPost

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *