देहरादून: कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने लघु फिल्म ‘मैदान’ का पोस्टर व प्रोमो किया लॉन्च, UK13 टीम की सराहना 

देहरादून। उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने देर शाम उत्तरांचल प्रेस क्लब में आयोजित कार्यक्रम के दौरान लघु फिल्म “मैदान” का पोस्टर और प्रोमो लॉन्च किया। इस अवसर पर उन्होंने UK13 कलाकारों की टीम को बधाई देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि जीवन में माता-पिता और शिक्षक के बाद मित्र का विशेष स्थान होता है। जहां माता-पिता पालन-पोषण करते हैं और शिक्षक भविष्य का निर्माण करते हैं, वहीं दोस्त जीवन के सुख-दुःख में साथ खड़े रहते हैं। उन्होंने कहा कि इस फिल्म में भी दो दोस्तों की इसी मजबूत दोस्ती और संघर्ष को दर्शाया गया है, जो समाज के लिए प्रेरणादायक है।

कार्यक्रम में उन्होंने सचिन भंडारी और पवन बुटोला के संघर्ष की प्रशंसा करते हुए कहा कि जो लोग जीवन में आगे बढ़ना चाहते हैं, वे बहाने नहीं बनाते बल्कि मेहनत और लगन से अपना मुकाम हासिल करते हैं। उन्होंने आमजन से फिल्म को प्रोत्साहित करने की अपील भी की।

इस मौके पर विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद प्रताप सिंह पंवार ने कहा कि गांव से निकली युवा टीम आज अपने हुनर के दम पर उत्तराखंड की फिल्म इंडस्ट्री में पहचान बना रही है। वहीं मैती आंदोलन के जनक पद्मश्री कल्याण सिंह रावत ने कहा कि फिल्म केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को दिशा देने वाली विधा भी है।

कार्यक्रम में अभिनेता बलदेव सिंह राणा ने फिल्म के पोस्टर और प्रोमो की सराहना करते हुए कहा कि UK13 की टीम अपनी संस्कृति और प्रतिभा को आगे बढ़ाने का सराहनीय कार्य कर रही है। निर्माता-निर्देशक देबू रावत और सुनील बडोनी ने भी फिल्म की सराहना की और बताया कि सचिन रावत के कार्य से प्रभावित होकर उन्हें पूर्व में भी सह-निर्देशक के रूप में कार्य करने का अवसर दिया गया था।

फिल्म “मैदान” – कहानी का सार
उत्तराखंड के प्रतिभाशाली कलाकारों की UK13 टीम द्वारा बनाई गई फिल्म “मैदान” एक सच्ची घटनाओं से प्रेरित भावनात्मक और प्रेरणादायक कहानी है। यह दो मित्रों—सचिन और पवन—की दोस्ती, संघर्ष और हौसले की दास्तान को दर्शाती है।

गांव की सादगी में पले-बढ़े दोनों मित्र अपने सपनों को पूरा करने के लिए शहर का रुख करते हैं। शहर में आने के बाद सचिन को गंभीर बीमारी का सामना करना पड़ता है, जिससे उसका जीवन पूरी तरह बदल जाता है। कठिन परिस्थितियों के बावजूद वह हार नहीं मानता।

इस दौरान पवन उसके साथ मजबूती से खड़ा रहता है। दोनों मिलकर छोटे स्तर से शुरुआत करते हैं—पहले एक कोचिंग सेंटर खोलते हैं और फिर एक क्रिकेट अकादमी की स्थापना करते हैं। हालात और चुनौतीपूर्ण तब हो जाते हैं जब सचिन सामान्य रूप से चलने में असमर्थ हो जाता है, लेकिन उनका आत्मविश्वास और संघर्ष जारी रहता है।

आखिरकार दोनों मित्र शहर में एक क्रिकेट मैदान बनाने का संकल्प लेते हैं और लगातार प्रयासों के बाद अपने सपने को साकार करते हैं। “मैदान” केवल एक फिल्म नहीं, बल्कि दोस्ती, संघर्ष और आत्मविश्वास की सशक्त प्रेरणादायक कहानी है, जो हर किसी को विपरीत परिस्थितियों में भी आगे बढ़ने की सीख देती है।

फिल्म निर्माण टीम
Directed by – सचिन रावत
Produced by – UK13
Director of Photography – सौरभ पंवार
Music & Dubbing – अमन उनियाल
Edited by – सूरज पंवार एवं सौरभ पंवार
Screenplay & Dialogues – सचिन रावत
Drone – ऋतिक राणा

इस आयोजन में Creatiobs के छात्रों द्वारा तैयार किए गए पोस्टर्स भी प्रदर्शित किए गए, जिन्हें उपस्थित अतिथियों और कलाकारों ने सराहा। इन पोस्टर्स में छात्रों की रचनात्मकता और मेहनत साफ नजर आई।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी, राज्य मंत्री प्रताप सिंह पंवार, सोशल पॉलीगोंन ग्रुप के एमडी डी एस पंवार, पद्मश्री कल्याण सिंह रावत, अभिनेता बलदेव सिंह राणा, निर्माता-निर्देशक देबू रावत, सुनील बडोनी, ग्राम प्रधान माधुरी देवी बुटोला, साहित्यकार गजेंद्र नौटियाल, ललित जोशी, केशर सिंह बिष्ट, प्रणिता बडोनी, लोक गायक गिरीश सनवाल, लोक गायिका पूनम सती, नितिश भंडारी, विजय भारती सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन दीपक कैन्तुरा द्वारा किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *