बदरीनाथ धाम में कपाट खुलने से पहले तैयारियां तेज, 20 अप्रैल तक सभी कार्य पूरे करने के निर्देश

बदरीनाथ/ज्योतिर्मठ। उत्तराखंड स्थित पवित्र श्री बदरीनाथ धाम में आगामी 23 अप्रैल को कपाट खुलने से पहले तैयारियां युद्ध स्तर पर जारी हैं। इसी क्रम में बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के मुख्य कार्याधिकारी विशाल मिश्रा ने धाम पहुंचकर व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया और तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने धाम में चल रहे मास्टर प्लान के कार्यों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए और 20 अप्रैल तक सभी कार्य हर हाल में पूर्ण कर लिए जाएं। उन्होंने मंदिर परिसर में चल रहे साफ-सफाई, रंग-रोगन और सौंदर्यीकरण कार्यों का भी अवलोकन किया तथा मौके पर कार्य कर रहे श्रमिकों से बातचीत कर उनका उत्साहवर्धन किया।

सीईओ ने मंदिर प्रभारी को निर्देशित किया कि नृसिंह मंदिर और योग बद्री मंदिर की साज-सज्जा भी 20 अप्रैल तक पूरी कर ली जाए। साथ ही 22 अप्रैल तक पूरे धाम को फूलों से भव्य रूप से सजाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने विशेष रूप से गेंदे और विभिन्न रंगों के गुलाब के फूलों के उपयोग पर जोर देते हुए दानदाताओं को समय से सूचित करने की बात कही।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए उन्होंने धाम परिसर में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त कर कपाट खुलने से पहले उनका ट्रायल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा, कतारों में खड़े श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह स्क्रीन लगाने को कहा गया, ताकि वे प्रतीक्षा के दौरान धार्मिक कार्यक्रमों का आनंद ले सकें।

उन्होंने ज्योतिर्मठ और धाम के अतिथि गृहों की मरम्मत कार्य जल्द पूरा करने तथा 20 अप्रैल से पहले पूरे परिसर में आकर्षक साइनेज लगाने के निर्देश भी दिए, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर मार्गदर्शन मिल सके।

निरीक्षण के दौरान तहसीलदार ज्योतिर्मठ, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी, बीकेटीसी के कर्मचारी तथा मास्टर प्लान से जुड़ी विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

#BadrinathDham #Uttarakhand #TempleNews #CharDhamYatra #ReligiousNews #AnujTyagiPost

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *