केदारनाथ यात्रा से पहले साइबर ठगों पर बड़ा एक्शन, 265 फर्जी लिंक-नंबर किए ब्लॉक
रुद्रप्रयाग। श्री केदारनाथ धाम यात्रा शुरू होने से पहले साइबर ठगी पर रोक लगाने के लिए रुद्रप्रयाग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। हेलीकॉप्टर बुकिंग के नाम पर श्रद्धालुओं को ठगने वाले गिरोहों के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए कुल 265 संदिग्ध वेबसाइट्स, बैंक खाते, सोशल मीडिया अकाउंट और मोबाइल नंबर ब्लॉक कराए गए हैं।
मुख्यमंत्री उत्तराखंड के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर के नेतृत्व में “साइबर फ्रॉड कॉम्बैट फोर्स” का गठन किया गया, जिसने यह कार्रवाई की।
जांच के दौरान 111 फेसबुक पेज चिन्हित किए गए, जिनमें से 106 को टेकडाउन कर दिया गया। साथ ही 16 इंस्टाग्राम अकाउंट्स पर भी कार्रवाई की गई है। साइबर ठगी में प्रयुक्त 110 मोबाइल नंबरों में से 55 को ब्लॉक कर दिया गया है, जबकि शेष पर कार्रवाई जारी है।
वित्तीय जांच में 6 बैंक खातों की पहचान की गई, जिनमें से एक खाते को डेबिट फ्रीज कर दिया गया है। इसके अलावा हेलीकॉप्टर टिकट के नाम पर फर्जी दावा करने वाली 22 वेबसाइट्स को भी रिपोर्ट किया गया है।
एसपी नीहारिका तोमर ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि केदारनाथ यात्रा के लिए हेलीकॉप्टर बुकिंग केवल अधिकृत वेबसाइट https://www.heliyatra.irctc.co.in/ के माध्यम से ही करें और किसी भी अनजान लिंक या सोशल मीडिया विज्ञापन के झांसे में न आएं। ठगी की स्थिति में तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर संपर्क करने की सलाह दी गई है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि केदारनाथ यात्रा के दौरान साइबर अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जा रही है और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
#KedarnathYatra #CyberCrime #UttarakhandPolice #Rudraprayag #BreakingNews #AnujTyagiPost

