देहरादून में पीएम मोदी के प्रस्तावित दौरे को लेकर हाई लेवल बैठक, इकोनॉमिक कॉरिडोर के शुभारम्भ की तैयारियां तेज
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में आगामी 14 अप्रैल को प्रस्तावित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तराखण्ड आगमन और दिल्ली–देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर (दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेस-वे) के शुभारम्भ कार्यक्रम को लेकर उच्चस्तरीय बैठक की। मुख्यमंत्री ने इस अवसर को राज्य के लिए ऐतिहासिक और बेहद महत्वपूर्ण बताते हुए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन केवल एक सरकारी कार्यक्रम न होकर जन-उत्सव का रूप ले, इसके लिए समाज के हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम की रूपरेखा आकर्षक, भव्य और सुव्यवस्थित होनी चाहिए। खासतौर पर उत्तराखण्ड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत—गढ़वाली, कुमाऊनी और जौनसारी लोक नृत्यों की झलक कार्यक्रम में भव्य रूप से दिखाई दे।
उन्होंने कार्यक्रम स्थल की सजावट पारंपरिक और आधुनिक शैली के समन्वय से करने और अधिक से अधिक स्थानीय कलाकारों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आम जनता से भी इस ऐतिहासिक अवसर पर बढ़-चढ़कर शामिल होने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोग राष्ट्रीय ध्वज के साथ प्रधानमंत्री के रोड शो में हिस्सा लें और पूरे प्रदेश में उत्सव जैसा माहौल बनाया जाए।
इसके अलावा कार्यक्रम से पहले प्रदेशभर में स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए, जिसमें जनप्रतिनिधि, प्रशासन और आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि आयोजन स्वच्छ, सुंदर और यादगार बन सके।
दिल्ली–देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर के महत्व पर प्रकाश डालते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना राज्य के विकास को नई दिशा देगी। इसके शुरू होने से दिल्ली और देहरादून के बीच यात्रा समय में काफी कमी आएगी, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही औद्योगिक और व्यापारिक गतिविधियों में तेजी आएगी और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। यह कॉरिडोर परिवहन, लॉजिस्टिक्स और निवेश के क्षेत्र में भी बड़ा बदलाव लाएगा और राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती देगा।
बैठक में राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे, जिनमें सचिव शैलेश बगौली, कमिश्नर विनय शंकर पांडे, जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल, अपर सचिव बंशीधर तिवारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी शामिल रहे।
#PushkarSinghDhami #PMModi #Dehradun #Uttarakhand #Expressway #Development #AnujTyagiPost

