कैराना में मुठभेड़: 25-25 हजार के इनामी बदमाश गिरफ्तार, प्रभारी निरीक्षक समयपाल अत्री की अगुवाई में बड़ी कार्रवाई
अनुज त्यागी
शामली। थाना कोतवाली कैराना क्षेत्र में फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले दो शातिर वांछित बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। दोनों अभियुक्तों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस की आत्मरक्षार्थ की गई फायरिंग में दोनों बदमाश घायल हो गए। मुठभेड़ के बाद का दृश्य भी चर्चा में रहा, जब घायल बदमाश पुलिस के सामने हाथ जोड़कर माफी मांगते नजर आए। इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व प्रभारी निरीक्षक समयपाल अत्री ने किया।
घटना 31 दिसंबर 2025 की है, जब ग्राम तीतरवाड़ा निवासी सरवर उर्फ कल्लू की कार में मोटरसाइकिल की टक्कर के बाद विवाद हुआ था। इसी विवाद में आरोपियों ने फायरिंग कर दी थी। इसके बाद 5 जनवरी 2026 को आरोपियों ने दोबारा सरवर के घर के बाहर फायरिंग कर क्षेत्र में दहशत फैला दी। दोनों मामलों में थाना कैराना पुलिस ने गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज किए थे।
लगातार हो रही फायरिंग की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक शामली एन.पी. सिंह के निर्देश पर विशेष टीमें गठित की गईं। अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी कैराना हेमंत कुमार के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक समयपाल अत्री के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लगातार दबिशें देकर बदमाशों की घेराबंदी की।
8 जनवरी 2026 को जहानपुरा पुलिया, कांधला रोड पर चेकिंग के दौरान वांछित अभियुक्त सावेज पुत्र इरफान निवासी तीतरवाड़ा और जुनैद पुत्र रियाज निवासी बरनावी को रोका गया। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश घायल हो गए और मौके पर ही दबोच लिए गए। घायल होने के बाद दोनों बदमाश पुलिस के सामने हाथ जोड़कर अपनी जान की गुहार लगाते दिखे।
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, दो खोखा और चार जिंदा कारतूस 315 बोर बरामद किए हैं। सावेज के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। दोनों अभियुक्तों को उपचार के लिए सीएचसी कैराना में भर्ती कराया गया है।
प्रभारी निरीक्षक समयपाल अत्री की अगुवाई में की गई इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले की आगे की जांच जारी है।

