चरथावल-कुल्हेड़ी मार्ग पर हादसा, विधायक पंकज मलिक ने दिया मानवता का परिचय, घायल बुजुर्ग को अस्पताल पहुंचाया
असलम त्यागी
मुजफ्फरनगर जनपद के चरथावल-कुल्हेड़ी मार्ग पर आज उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चरथावल के रहने वाले बुजुर्ग शमशाद स्कूटी से जा रहे थे और अचानक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरा। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद लोगों ने मदद के लिए तुरंत हाथ बढ़ाया।
संयोगवश उसी समय किसी कार्यक्रम से लौट रहे चरथावल विधायक पंकज मलिक भी मौके पर से गुजर रहे थे। विधायक ने तत्काल अपनी गाड़ी से घायल बुजुर्ग को उठाया और चरथावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने तुरंत उनका प्राथमिक उपचार शुरू किया। चिकित्सकों ने बताया कि बुजुर्ग की स्थिति फिलहाल स्थिर है।
विधायक पंकज मलिक अस्पताल में मौजूद रहे और घायल बुजुर्ग की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने परिवार के सदस्यों को घटना की जानकारी दी और बुजुर्ग की देखभाल का विशेष ध्यान रखा।
घटना की सूचना पर चरथावल चेयरमैन मास्टर इस्लामउद्दीन भी अस्पताल पहुंचे और उन्होंने विधायक से मुलाकात कर घायल बुजुर्ग की स्थिति जानी। इस घटना ने विधायक पंकज मलिक की तत्परता और मानवता की भावना को फिर से उजागर किया, जबकि हादसे का शिकार बुजुर्ग और उनके परिवार ने भी विधायक की इस मदद के लिए आभार व्यक्त किया।

