Anuj Tyagi
जालंधर में आप नेता लक्की ओबेराय की दिनदहाड़े हत्या, मॉडल टाउन में मचा हड़कंप
जालंधर।
पंजाब के जालंधर शहर में शुक्रवार को आम आदमी पार्टी के नेता लक्की ओबेराय की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह सनसनीखेज वारदात मॉडल टाउन स्थित गुरुद्वारा साहिब के बाहर उस समय हुई, जब वह अपनी कार पार्क कर रहे थे। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दोपहिया वाहन पर सवार हमलावरों ने अचानक लक्की ओबेराय पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। उन्हें पांच गोलियां लगीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दिनदहाड़े राजनीतिक नेता की हत्या की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और पूरे क्षेत्र को घेर लिया गया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि लक्की ओबेराय आम आदमी पार्टी से सक्रिय रूप से जुड़े हुए थे। उनकी पत्नी ने हाल ही में AAP के टिकट पर निगम चुनाव लड़ा था, हालांकि वह चुनाव जीत नहीं सकीं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे की वजहों की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है। इस वारदात के बाद जालंधर शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

