गुवाहाटी में हैवानियत की हद: अमरीन अख्तर लस्कर ने 13 साल की नाबालिग को दीवान पलंग में बंद कर छिपाया, 6 साल से बना रखा था घरेलू नौकर

गुवाहाटी के पंजाबारी इलाके से मानवता को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 13 वर्षीय नाबालिग बच्ची को घरेलू काम कराने के बाद छापेमारी से बचाने के लिए दीवान पलंग के अंदर बंद कर दिया गया। रेस्क्यू का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे शहर में आक्रोश फैल गया है।

मामला पंजाबारी के जुरिपार क्षेत्र स्थित हाउस नंबर-69 का है, जहां अमरीन अख्तर लस्कर नामक महिला के घर पर जिला श्रम टास्क फोर्स ने रविवार शाम मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में छापेमारी की। यह कार्रवाई स्थानीय लोगों की शिकायतों के आधार पर की गई थी।

छापेमारी की भनक लगते ही दीवान में छिपाई बच्ची

अधिकारियों के अनुसार, कार्रवाई की सूचना मिलते ही आरोपी महिला ने नाबालिग बच्ची को करीब 25 मिनट तक दीवान पलंग के अंदर बंद कर दिया। बाहर से पलंग को ढक दिया गया ताकि किसी को शक न हो।

6 साल से कराई जा रही थी घरेलू मजदूरी

जांच में सामने आया है कि बच्ची पिछले छह वर्षों से आरोपी के घर में घरेलू नौकर के रूप में काम करने को मजबूर थी। इस दौरान उसके साथ लगातार शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना की जाती रही। बच्ची को बाहर निकलने या किसी से संपर्क करने की अनुमति नहीं दी जाती थी।

पहले किया इनकार, फिर खुली सच्चाई

जब श्रम टास्क फोर्स की टीम घर पहुंची तो अमरीन अख्तर लस्कर ने बच्ची की मौजूदगी से इनकार कर दिया और दावा किया कि बच्ची के पिता उसे कुछ दिन पहले ले गए हैं। लेकिन घर के भीतर संदिग्ध हालात देखकर टीम ने तलाशी ली।

बेहद कमजोर हालत में मिला बच्ची

तलाशी के दौरान बच्ची दीवान पलंग के अंदर बंद मिली। उसकी हालत बेहद कमजोर थी। बाहर निकालने पर उसे पानी दिया गया, जिसके बाद वह रोते हुए बेहोशी जैसी हालत में आ गई। प्रारंभिक बयान में बच्ची ने लंबे समय से मारपीट और प्रताड़ना की बात बताई।

बच्ची को तत्काल सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है। प्रशासन ने आरोपी महिला के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *