रुद्रप्रयाग में निर्माणाधीन मल्टी लेवल पार्किंग का निरीक्षण, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य के निर्देश
रुद्रप्रयाग।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देश पर चारधाम यात्रा के प्रमुख पड़ाव जनपद रुद्रप्रयाग में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से निर्माणाधीन मल्टी लेवल पार्किंग परियोजना पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
जनपद भ्रमण के दौरान प्रभारी सचिव रुद्रप्रयाग एवं आवास सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने जिला मुख्यालय रुद्रप्रयाग के मुख्य बाजार क्षेत्र स्थित पुनाड गदेरे के समीप निर्माणाधीन मल्टी लेवल पार्किंग का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता एवं तकनीकी मानकों के अनुरूप हो रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए कार्यदायी संस्था और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजना को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किया जाए और गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता न किया जाए।
प्रभारी सचिव ने कहा कि मल्टी लेवल पार्किंग के निर्माण से रुद्रप्रयाग के मुख्य बाजार क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही जाम की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी। इससे चारधाम यात्रियों को सुगम यातायात सुविधा मिलेगी और शहर के भीतर वाहनों का दबाव कम होगा।
इस परियोजना के लिए शासन से कुल 7 करोड़ 9 लाख 74 हजार रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है, जिसमें से 2.84 करोड़ रुपये की धनराशि प्रथम चरण में जारी की जा चुकी है। निर्माण कार्य की जिम्मेदारी सिंचाई खंड रुद्रप्रयाग को सौंपी गई है। निरीक्षण के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

