जग्गाहैड़ी टोल विवाद: भाकियू (तोमर) ने SSP को सौंपा ज्ञापन, किसानों पर दर्ज मुकदमा बताया फर्जी, खत्म कराने की उठाई मांग

मुजफ्फरनगर।
भारतीय किसान यूनियन (तोमर) के पदाधिकारियों ने जग्गाहैड़ी टोल प्लाजा से जुड़े विवाद को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय वर्मा से मुलाकात कर एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। संगठन ने कार्यकर्ताओं पर दर्ज मुकदमा संख्या 305 को पूरी तरह निराधार बताते हुए उसकी उच्चस्तरीय जांच कराकर निरस्त करने की मांग की।

भाकियू (तोमर) ने ज्ञापन में स्पष्ट किया कि 21 दिसंबर को प्रस्तावित महापंचायत को प्रशासन से सफल वार्ता के बाद स्थगित कर दिया गया था। इसके बाद संगठन के पदाधिकारी केवल 15 मिनट के लिए जग्गाहैड़ी टोल प्लाजा पर रुके और सीओ फुगाना को ज्ञापन सौंपकर लौट गए। इसके बावजूद तितावी पुलिस द्वारा तोड़फोड़, गाली-गलौज जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाना पूरी तरह अनुचित बताया गया।

संगठन ने जग्गाहैड़ी टोल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े किए। आरोप लगाया गया कि अन्य टोल प्लाजा पर जहां कर्मी वर्दी और नेम प्लेट में रहते हैं, वहीं जग्गाहैड़ी टोल पर NHAI की गाइडलाइंस की खुलेआम अनदेखी हो रही है। भाकियू (तोमर) ने टोल कर्मियों पर शराब पीकर यात्रियों व किसानों से अभद्र व्यवहार करने के आरोप लगाए और सभी कर्मियों का पुलिस सत्यापन कराने की मांग की।

इसके साथ ही यूनियन ने NHAI के नियमों के तहत टोल के 15 किलोमीटर दायरे में आने वाले गांवों को टोल फ्री करने, पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच के लिए सीओ फुगाना को निर्देश देने और टोल प्रबंधन व संगठन के बीच बैठक कराने की मांग रखी।

ज्ञापन के अंत में भाकियू (तोमर) ने कहा कि संगठन आंदोलन से पहले हमेशा बातचीत के जरिए समाधान में विश्वास रखता है और उन्हें उम्मीद है कि कप्तान साहब इस मामले में शीघ्र न्यायोचित कार्रवाई करेंगे।

इस मौके पर निखिल चौधरी जिला अध्यक्ष सहित हसीर बाबू व अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *