Anuj Tyagi
सपा विधायक व कद्दावर नेता विजय सिंह गोंड का निधन, लखनऊ में इलाज के दौरान ली अंतिम सांस
लखनऊ/सोनभद्र।
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और दुद्धी विधानसभा सीट से आठ बार विधायक रहे विजय सिंह गोंड का गुरुवार को लखनऊ में इलाज के दौरान निधन हो गया। वे लंबे समय से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे और उनका इलाज संजय गांधी पोस्टग्रेजुएट इंस्टिट्यूट (SGPGI) में चल रहा था। उनके निधन की खबर से प्रदेश की राजनीति, खासकर सोनभद्र और दुद्धी क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया जा रहा है कि विजय सिंह गोंड की दोनों किडनियां खराब हो गई थीं, जिसके चलते उनकी हालत लगातार नाजुक बनी हुई थी। 71 वर्षीय विजय सिंह गोंड को कुछ दिन पहले लखनऊ रेफर किया गया था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली।
राजनीतिक सफर रहा लंबा और प्रभावशाली
विजय सिंह गोंड उत्तर प्रदेश की राजनीति के कद्दावर आदिवासी नेताओं में गिने जाते थे। उन्होंने अपने राजनीतिक करियर में आठ बार दुद्धी विधानसभा सीट से जीत दर्ज की, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है। उन्होंने 1980 के दशक में राजनीति की शुरुआत की थी और कांग्रेस, जनता दल, निर्दलीय और बाद में समाजवादी पार्टी से चुनाव जीतते रहे।
मुलायम सिंह यादव सरकार में वे राज्य मंत्री भी रह चुके थे। आदिवासी समाज के अधिकार, जल-जंगल-जमीन, शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास से जुड़े मुद्दों पर वे हमेशा मुखर रहे और जमीन से जुड़े नेता के रूप में उनकी पहचान थी।
नेताओं ने जताया शोक
विजय सिंह गोंड के निधन पर समाजवादी पार्टी के शीर्ष नेताओं, विधायकों और कार्यकर्ताओं ने गहरा दुख व्यक्त किया है। सपा नेताओं ने उन्हें आदिवासी समाज की मजबूत आवाज और जमीनी संघर्षों का प्रतीक बताया। पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उनके निधन से गहरा आघात है।
उनके निधन को उत्तर प्रदेश की राजनीति के लिए बड़ी क्षति माना जा रहा है।

