यमुना एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा: बस से उतरे यात्रियों को कंटेनर ने रौंदा, छह की मौत, एक गंभीर

मथुरा। यमुना एक्सप्रेस-वे पर शनिवार तड़के एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। सुरीर थाना क्षेत्र में माइल स्टोन 88 के पास तेज रफ्तार कंटेनर की टक्कर से छह यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दिल्ली के नांगलोई से कानपुर के रसूलाबाद जा रही एक निजी बस यमुना एक्सप्रेस-वे से गुजर रही थी। सुबह करीब पौने तीन बजे कुछ यात्रियों ने लघुशंका के लिए बस रुकवाने की मांग की। बताया जा रहा है कि चालक ने निर्धारित ग्रीन जोन में बस रोकने के बजाय सड़क किनारे ही बस खड़ी कर दी, जिससे यात्री बस से उतरकर नीचे खड़े हो गए।

इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक कंटेनर ने बस में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कंटेनर ने बस के पास खड़े यात्रियों को भी अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

हादसे में औरैया के सरवा कटरा निवासी सोनू, बस्ती के अलेवल निवासी देवेश, कन्नौज के गणेश का पुरवा निवासी अस्लम, दिल्ली के प्रेम नगर निवासी संतोष सहित दो अन्य यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। दो मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है।

वहीं, औरैया के बेला निवासी अमर दुबे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सुरीर थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि घटना के समय कोहरा नहीं था। हादसे के कारण कुछ देर के लिए एक्सप्रेस-वे पर यातायात बाधित रहा, जिसे राहत एवं बचाव कार्य के बाद सुचारू करा दिया गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *