चाइनीस मांझा के खिलाफ पुलिस का सख्त अभियान, शहरभर में दुकानों पर छापेमार


मुजफ्फरनगर, 5 फरवरी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देश एवं मार्गदर्शन में मुजफ्फरनगर पुलिस द्वारा चाइनीस मांझा के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया गया। अभियान के तहत थाना कोतवाली खालापार, नगर कोतवाली, थाना नई मंडी एवं थाना सिविल लाइंस पुलिस ने संयुक्त रूप से पतंग व मांझा बेचने वाली दुकानों का निरीक्षण किया और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर विधिक कार्रवाई की।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा के स्पष्ट निर्देशों के क्रम में शहर कोतवाल खालापार महावीर सिंह चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने खालापार क्षेत्र में एक-एक दुकान पर जाकर पतंग और मांझे की जांच की। दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी गई कि चाइनीस मांझा पूरी तरह प्रतिबंधित है और इसकी बिक्री किसी भी स्थिति में नहीं की जाए।
शहर कोतवाल महावीर सिंह चौहान स्वयं मौके पर मौजूद रहे और पतंग विक्रेताओं की दुकानों का गहन निरीक्षण किया। पुलिस द्वारा मांझे की किस्मों की जांच करते हुए दुकानदारों को नियमों की जानकारी दी गई।
दिनभर चले इस अभियान से खालापार क्षेत्र के पतंग विक्रेताओं में हड़कंप की स्थिति बनी रही। पुलिस ने स्पष्ट किया कि चाइनीस मांझा बेचने या उपयोग करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *