विश्व कैंसर दिवस पर केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन की गोष्ठी, सुभाष चौहान के नेतृत्व में आयोजन
मुजफ्फरनगर। विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर मुजफ्फरनगर केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन (पंजी.) द्वारा पकवान रेस्टोरेंट में एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एसोसिएशन अध्यक्ष ठाकुर सुभाष चौहान ने की, जबकि जनपद के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन हरीश गुप्ता द्वारा किया गया।

गोष्ठी के दौरान अध्यक्ष सुभाष चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट स्वास्थ्य व्यवस्था की एक महत्वपूर्ण कड़ी हैं। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने में दवा व्यापारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विश्व कैंसर दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम में केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट व्यापारियों ने दवा व्यापार से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को मुख्य अतिथि के समक्ष रखा। इनमें लाइसेंस संबंधी दिक्कतें, निरीक्षण प्रक्रिया, दवा आपूर्ति, पोर्टल से जुड़ी तकनीकी समस्याएं एवं अन्य व्यवहारिक मुद्दे प्रमुख रहे। व्यापारियों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया ने सभी जायज समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया और स्वास्थ्य विभाग व दवा व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की बात कही।
इस अवसर पर संस्थापक चेयरमैन प्रमोद मित्तल, चेयरमैन सतपाल सिंह, संरक्षक डॉ. आर.के. गुप्ता, कोषाध्यक्ष सतीश तायल सहित मनोज गर्ग, पंकज तनेजा, सचिन त्यागी, संजीव वर्मा, रविंद्र छाबड़ा, जुगलकिशोर खत्री, सुबोध गोयल, संदीप शर्मा, प्रवीण बालियान, मुकेश शर्मा, अहलावत, प्रवीण गर्ग एवं अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी व सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
विचार गोष्ठी का मुख्य उद्देश्य कैंसर के प्रति जागरूकता फैलाने के साथ-साथ दवा व्यापार से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक संवाद स्थापित करना रहा।

