बिरालसी सड़क हादसे में लापता घायल युवक चरथावल पुलिस की तत्परता से सकुशल बरामद

असलम त्यागी

मुज़फ्फरनगर जनपद के चरथावल थाना क्षेत्र के ग्राम बिरालसी स्थित बालाजी गैस एजेंसी के पास हुई सड़क दुर्घटना के बाद लापता हुए घायल युवक को चरथावल पुलिस ने सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस की सक्रियता से क्षेत्र में बना तनाव समाप्त हुआ और जाम खुलवाया गया।

जानकारी के अनुसार, एक कार की साइड लगने से एक युवक घायल हो गया था। हादसे के बाद कार चालक घायल युवक को उपचार के लिए अपनी कार में बैठाकर मौके से चला गया। घायल युवक की पहचान रणवीर सिंह पुत्र सुखवीर, निवासी रोनी हाजीपुर, थाना चरथावल के रूप में हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा परिजनों को हादसे की सूचना दिए जाने के बाद जब घायल युवक का कहीं पता नहीं चला तो परिजन नजदीकी सरकारी व निजी अस्पतालों में तलाश करने पहुंचे, लेकिन युवक के न मिलने पर हालात तनावपूर्ण हो गए। इस दौरान क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घायल की देर शाम तक कोई जानकारी न मिलने से आक्रोशित ग्रामीणों ने बिरालसी–थानाभवन मार्ग पर जाम लगा दिया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।

सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा। थाना प्रभारी निरीक्षक सत्यनारायण दहिया ने स्थिति संभाली, वहीं सीओ सदर रवि शंकर मिश्रा के नेतृत्व में घायल युवक की तलाश के लिए पुलिस टीमें गठित की गईं।

इसी दौरान थाना प्रभारी सत्यनारायण दहिया ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को गांव अकबरगढ़ बस स्टैंड से सकुशल बरामद कर लिया। युवक को परिजनों से मिलवाते हुए तत्काल सीएचसी चरथावल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार युवक को मामूली चोटें आई हैं और उसकी हालत स्थिर है।

घायल युवक के सकुशल मिलने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और जाम हटा लिया गया, जिसके बाद यातायात व्यवस्था पूरी तरह सामान्य हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *