शामली में पुलिस मुठभेड़, 50 हजार का इनामी बदमाश ढेर
दिल्ली का कुख्यात अपराधी रेहान मुठभेड़ में मारा गया, एक सिपाही घायल
शामली।
उत्तर प्रदेश के शामली जिले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। कोतवाली शामली और आदर्श मंडी थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश को पुलिस मुठभेड़ में मार गिराया गया। मारा गया बदमाश दिल्ली के ओखला क्षेत्र का रहने वाला रेहान बताया गया है, जिस पर विभिन्न जनपदों में करीब 90 आपराधिक मुकदमे दर्ज थे।
पुलिस के अनुसार, लूट की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए इलाके में नाकाबंदी और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान संदिग्ध बाइक सवार बदमाशों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश रेहान गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल अवस्था में उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मुठभेड़ के दौरान एक पुलिस सिपाही भी गोली लगने से घायल हुआ है, जिसका उपचार जारी है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस ने मौके से अवैध हथियार, कारतूस और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किया है। बदमाश का एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।
इस पूरे मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक शामली एन. पी. सिंह ने बताया कि मृतक बदमाश लंबे समय से अपराध की दुनिया में सक्रिय था और लूट, डकैती सहित कई गंभीर मामलों में वांछित चल रहा था। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से जिले में अपराधियों के हौसले पस्त होंगे।
पुलिस ने मुठभेड़ से संबंधित सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं और आगे की जांच की जा रही है।

