Anuj Tyagi

 


#BREAKING : मोकामा से JDU प्रत्याशी और बाहुबली पूर्व विधायक अनंत सिंह गिरफ्तार, दुलारचंद यादव हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई

पटना। बिहार की राजनीति में हलचल मचाने वाली बड़ी खबर सामने आई है। मोकामा से जदयू प्रत्याशी और बाहुबली पूर्व विधायक अनंत सिंह को पुलिस ने दुलारचंद यादव हत्या मामले में गिरफ्तार कर लिया है। देर रात बाढ़ के बेढ़ना गांव में छापेमारी कर पुलिस की विशेष टीम ने उन्हें हिरासत में लिया। कार्रवाई का नेतृत्व पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने खुद किया।

गिरफ्तारी के दौरान तकरीबन 150 पुलिसकर्मी ऑपरेशन में शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई पूरी तरह सबूतों और तकनीकी जांच के आधार पर की गई है।


क्या है मामला

30 अक्टूबर को मोकामा के तारतर गांव में दो पक्षों के बीच झड़प और पथराव की घटना हुई थी, जिसमें दुलारचंद यादव गंभीर रूप से घायल हो गए थे। बाद में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि वारदात के वक्त अनंत सिंह अपने समर्थकों के साथ मौके पर मौजूद थे।

मृतक दुलारचंद यादव का खुद का अपराधिक इतिहास रहा है। वह पहले गैंगस्टर के रूप में सक्रिय थे, लेकिन पिछले कुछ वर्षों में राजनीति में उतर आए थे।


एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने क्या कहा

पटना एसएसपी ने बताया —

“घटनास्थल से मिले वीडियो फुटेज, गवाहों के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि अनंत सिंह और उनके दो करीबी सहयोगी — मणिकांत ठाकुररंजीत राम — मौके पर मौजूद थे। तीनों को गिरफ्तार किया गया है।”

एसएसपी ने यह भी बताया कि मोकामा की घटना में आचार संहिता का उल्लंघन भी पाया गया है और मामले की जांच सीआईडी द्वारा की जा रही है।


गोपनीय स्थान पर ले जाए गए अनंत सिंह

गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा कारणों से पुलिस ने अनंत सिंह को थाने या जेल भेजने के बजाय एक अज्ञात सुरक्षित स्थान पर ले जाया है। बताया जा रहा है कि किसी भी संभावित अप्रिय घटना से बचने के लिए यह कदम उठाया गया।
वहां किलेबंदी कर दी गई है और केवल चुनिंदा अधिकारियों को ही स्थान की जानकारी दी गई है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, चुनाव प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद अनंत सिंह और उनके दोनों सहयोगियों को रिमांड पर लेकर विस्तृत पूछताछ की जाएगी।

बता दे मोकामा सीट से बाहुबली सूरजभान की पत्नी वीना देवी आरजेडी गठबंधन से चुनाव लड़ रही है


📍मुख्य बिंदु

  • मोकामा से JDU प्रत्याशी अनंत सिंह गिरफ्तार
  • हत्या के वक्त घटनास्थल पर मौजूद होने के सबूत
  • दुलारचंद यादव पूर्व गैंगस्टर से नेता बने व्यक्ति
  • दो सहयोगी मणिकांत ठाकुर और रंजीत राम भी गिरफ्तार
  • सीआईडी जांच जारी, आचार संहिता उल्लंघन की पुष्टि
  • पुलिस ने अनंत सिंह को गोपनीय स्थान पर रखा
  • चुनाव के बाद होगी रिमांड पर पूछताछ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *