Anuj Tyagi


बिजनौर में सपा पीडीए पंचायत, सांसद हरेंद्र मलिक ने साधा सरकार पर निशाना

बिजनौर।
बिजनौर स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय पर आयोजित पीडीए पंचायत एवं भव्य स्वागत समारोह में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव व मुजफ्फरनगर सांसद हरेंद्र मलिक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान पूर्व ब्लॉक प्रमुख अनुज मलिक ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की, जिनका पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया।

कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के कई जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ पदाधिकारी एवं सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने अनुज मलिक के पार्टी में शामिल होने पर खुशी जताते हुए इसे संगठन की मजबूती बताया।

इस अवसर पर संबोधित करते हुए राष्ट्रीय महासचिव व सांसद हरेंद्र मलिक ने कहा कि आज देश का नौजवान बेरोजगारी की मार झेल रहा है और शिक्षा से वंचित होता जा रहा है। उन्होंने मुफ्त दवा और मुफ्त शिक्षा की वकालत करते हुए कहा कि यदि सरकार इन्हें पूरी तरह मुफ्त नहीं कर सकती, तो कम से कम आम जनता के लिए सुलभ और सस्ता जरूर बनाए। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में अखिलेश यादव के नेतृत्व में एक लंबी और निर्णायक लड़ाई लड़ी जाएगी।

हरेंद्र मलिक ने केंद्र और प्रदेश सरकारों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि दोनों सरकारें हर मोर्चे पर पूरी तरह विफल साबित हुई हैं। बजट को लेकर उन्होंने कहा कि सरकारें अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए भ्रम फैलाने का काम कर रही हैं।

उन्होंने नोटबंदी का जिक्र करते हुए कहा कि पहले सरकारी धन का उपयोग गरीबों और जरूरतमंदों के कल्याण के लिए किया जाता था, लेकिन अब हालात इसके विपरीत हैं। स्वतंत्र देव सिंह के काफिले को रोके जाने के सवाल पर सांसद ने कहा कि जब धरातल पर काम नहीं होगा, तो जनता विरोध जरूर करेगी।

राष्ट्रीय महासचिव ने एसएआर (विशेष मतदाता सूची पुनरीक्षण) को लेकर गंभीर आशंका जताते हुए कहा कि इसके माध्यम से सुनियोजित तरीके से वोट काटे जाने की संभावना है और समाजवादी पार्टी के मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए एक विशेष वर्ग को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता को असली मुद्दों से भटकाने के लिए “नींद का इंजेक्शन” देने का काम कर रही है, ताकि लोग सच्चाई न समझ सकें।

हरेंद्र मलिक ने युवाओं का जिक्र करते हुए कहा कि मौजूदा नीतियों ने युवाओं की “जवानी को लंगड़ा कर दिया है”। उन्होंने इस विषय में आदरणीय न्यायालय से हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा कि इस पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

इस मौके पर समाजवादी पार्टी के नजीबाबाद विधायक हाजी तसलीम अहमद, नगीना विधायक मनोज पारस, चांदपुर विधायक स्वामी ओमवेश, नूरपुर विधायक रामावतार सैनी, निवर्तमान जिला अध्यक्ष जाकिर हुसैन, वरिष्ठ नेता डॉ. रमेश तोमर सहित जिले भर के विधायक, पदाधिकारी, कार्यकर्ता और सैकड़ों की संख्या में लोग उपस्थित रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *