नई दिल्ली में तालीमी बेदारी संस्था द्वारा आयोजित सेमिनार में मुज़फ्फरनगर के आसिफ़ राही को सम्मानित किया गया
नई दिल्ली, 15 अक्तूबर।
भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं भारत रत्न डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की 93वीं जयंती के अवसर पर तालीमी बेदारी संस्था (लखनऊ) द्वारा “प्रौद्योगिकी और समावेशी शिक्षा का उपयोग: लाभ और चुनौतियाँ” विषय पर एक सेमिनार का आयोजन सिविल सेवा अधिकारी संस्थान (CSOI), चाणक्यपुरी, नई दिल्ली में किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनाब दानिश आज़ाद अंसारी (राज्य मंत्री – अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक़्फ़ एवं हज, उत्तर प्रदेश सरकार), कैराना से सांसद इक़रा हसन चौधरी, डाॅ. अब्दुल क़दीर (चेयरमैन, शाहीन ग्रुप), प्रो. अफसर आलम (वाईस चांसलर, जामिया हमदर्द), प्रो. शाहिद अख्तर (NCMEI) और अनीस कुट्टी (चेयरमैन, अनीस डिफेंस कैरियर इंस्टीट्यूट) समेत कई शिक्षाविद् और बुद्धिजीवी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मुज़फ्फरनगर के पैग़ाम-ए-इंसानियत के अध्यक्ष आसिफ़ राही को समाज सेवा, शिक्षा और सौहार्द के क्षेत्र में किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान डाॅ. अब्दुल क़दीर (चेयरमैन, शाहीन ग्रुप) के करकमलों द्वारा प्रदान किया गया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद आसिफ़ राही ने तालीमी बेदारी संस्था के संस्थापक शमीम अख़्तर, वसीम अख़्तर, निहाल भाई, सगीर ख़ाकसार, चौधरी गुलशाद और पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके लिए प्रेरणास्रोत है और वे आगे भी समाज की बेहतरी और शिक्षा व सौहार्द के प्रसार हेतु कार्य करते रहेंगे।


