
सहारनपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगामी सहारनपुर दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां जोरों पर हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को जिलाधिकारी मनीष बंसल और नगरायुक्त शिपू गिरी ने अधिकारियों के साथ गंगोह रोड स्थित गोगा महाड़ी और गांधी पार्क जनमंच का निरीक्षण किया और युद्धस्तर पर कार्यों को पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी के साथ सीडीओ सुमित राजेश महाजन, एडीएम प्रशासन संतोष बहादुर सिंह और नगर निगम के अभियंता मौजूद रहे। नगरायुक्त ने महाड़ी मुख्य द्वार के समक्ष का कार्य रात तक पूरा कराने, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और हॉर्टिकल्चर कार्यों को त्वरित गति से निपटाने को कहा। वाटर कूलर उपयोगी स्थान पर लगाने और सजावट में अवरोध न बनने के भी निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने गांधी पार्क स्थित जनमंच पर साफ-सफाई, नाली मरम्मत, रंगाई-पुताई सहित अन्य व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। सीएम के भ्रमण मार्गों पर घास-फूस की छंटाई व मार्गों की मरम्मत सुनिश्चित करने को भी कहा गया। निरीक्षण में बीके सिंह, आलोक श्रीवास्तव, वीबी सिंह, विपुल कुमार, राजीव चौधरी आदि उपस्थित रहे।

