पाकिस्तान में स्कूल की छत गिरने से बड़ा हादसा, 34 बच्चों समेत 35 की मौत की खबर; 50 से ज्यादा घायल
पाकिस्तान के पेशावर में एक निजी स्कूल की छत गिरने से दर्दनाक हादसा होने की खबर सामने आई है। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, इस घटना में 34 बच्चों और एक महिला शिक्षिका समेत 35 लोगों की मौत हुई है, जबकि 50 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि हादसा खैबर पख्तूनख्वा प्रांत की राजधानी पेशावर की दीर कॉलोनी स्थित एक निजी स्कूल में हुआ। छत गिरने के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचे और मलबे में फंसे लोगों को निकालने का अभियान शुरू किया।
घायलों को उपचार के लिए अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद अस्पताल में आपातकालीन व्यवस्था भी की गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
स्कूल मालिक गिरफ्तार, जांच जारी
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, पुलिस ने कार्रवाई करते हुए स्कूल के मालिक को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में इमारत की मजबूती और सुरक्षा मानकों से जुड़े पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। हादसे के सही कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
इस घटना ने स्कूल भवनों की सुरक्षा और बच्चों की जान की हिफाजत को लेकर चिंता बढ़ा दी है। मौत और घायलों के आंकड़ों की आधिकारिक पुष्टि तथा आगे के अपडेट का इंतजार है।
#PakistanNews #Peshawar #SchoolCollapse #WorldNews #RajsattaPost

