मुजफ्फरनगर में राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप का गांव-गांव जनसंपर्क, 13 दिसंबर की महारैली के लिए जुटा रहे समर्थन
बधाईकला में छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम में हुए शामिल, इंटरलॉकिंग सड़क का किया उद्घाटन; चरथावल क्षेत्र के कई गांवों में जनप्रतिनिधियों और समाज के प्रमुख लोगों से की मुलाकात
मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कश्यप ने रविवार को मुजफ्फरनगर के चरथावल क्षेत्र में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने कई गांवों में पहुंचकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों और समाज के प्रमुख व्यक्तियों से मुलाकात की। मंत्री ग्राम बधाईकला में छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम में शामिल हुए और इंटरलॉकिंग टाइल्स से बनी सड़क का उद्घाटन किया।

अपने दौरे के दौरान नरेंद्र कश्यप ने ग्राम बधाईकला में आयोजित कार्यक्रम में सहभागिता की। इसके बाद चरथावल कस्बे में सुशील कश्यप के आवास पर पहुंचकर स्थानीय लोगों से मुलाकात की। उन्होंने ग्राम मोगलीपुर में संजय त्यागी, ग्राम कुल्हेड़ी में साबू और ग्राम निर्धना में आलम के आवास पर भी पहुंचकर लोगों के साथ बैठक और संवाद किया।
इन मुलाकातों के दौरान क्षेत्र के सामाजिक विषयों, स्थानीय गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर चर्चा हुई। मंत्री ने लोगों से संपर्क बढ़ाते हुए आगामी आयोजन में भागीदारी का आह्वान किया।
13 दिसंबर को मुजफ्फरनगर आएंगे उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य
नरेंद्र कश्यप के दौरे के केंद्र में 13 दिसंबर को ग्राम बधरा स्थित महर्षि कश्यप सेवाधाम में प्रस्तावित भूमि पूजन एवं सामाजिक समरसता महारैली भी रही। इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम दोपहर 12 बजे से प्रस्तावित है।
आयोजन को लेकर केंद्र और प्रदेश सरकार के कई मंत्रियों, सांसदों, पूर्व मंत्रियों तथा भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों को आमंत्रित किया गया है। इनमें केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, डॉ. संजीव बालियान, सुरेश राणा, सोमेंद्र तोमर, कपिलदेव अग्रवाल और धर्मवीर प्रजापति सहित कई प्रमुख नाम शामिल हैं।

महारैली में अधिक से अधिक भागीदारी की अपील
राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप क्षेत्र में लगातार जनसंपर्क कर रहे हैं। रविवार को चरथावल क्षेत्र के विभिन्न गांवों में हुई मुलाकातों के दौरान भी उन्होंने लोगों को 13 दिसंबर के कार्यक्रम की जानकारी दी और अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की।

महर्षि कश्यप सेवाधाम में प्रस्तावित भूमि पूजन और सामाजिक समरसता महारैली को लेकर आयोजकों की ओर से तैयारियां की जा रही हैं।
#Muzaffarnagar #NarendraKashyap #UPNews #RajsattaPost
