अमेरिका के ओरेगन में स्कूल में गोलीबारी, तीन बच्चों और शिक्षक की मौत; 16 वर्षीय संदिग्ध भी मारा गया
अमेरिका के ओरेगन राज्य के बेंड शहर में गुरुवार को एक प्राथमिक विद्यालय में हुई गोलीबारी की घटना से हड़कंप मच गया। इस घटना में तीन बच्चों और एक शिक्षक की जान चली गई, जबकि एक अन्य बच्चा और एक शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह घटना बेंड स्थित सिल्वर रेल एलीमेंट्री स्कूल में हुई। पुलिस को शुरुआत में एक कार पर गोली चलाए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद एक संदिग्ध स्कूल परिसर में दाखिल हो गया, जहां गोलीबारी की घटना सामने आई। सूचना मिलने पर पुलिस और आपातकालीन सेवाओं की टीमें मौके पर पहुंचीं।
बेंड पुलिस प्रमुख माइक क्रैंट्ज़ के मुताबिक, घटना में शामिल बताया जा रहा 16 वर्षीय संदिग्ध भी मारा गया। पुलिस के अनुसार, एक स्थानीय नागरिक ने संदिग्ध को स्कूल की ओर जाते देखा था। इसके बाद वह उसका पीछा करते हुए इमारत के अंदर पहुंचा। वहां दोनों का सामना हुआ और गोलीबारी के दौरान संदिग्ध की मौत हो गई।
इस घटना में घायल सात वर्षीय बच्चे और एक अन्य शिक्षक की हालत गंभीर बताई गई। दोनों को तत्काल चिकित्सा सहायता के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सुरक्षा एजेंसियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और विद्यार्थियों तथा स्कूल कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए।
गोलीबारी की घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जांच के तहत हमले के पीछे की वजह, संदिग्ध की पृष्ठभूमि और स्कूल से उसके संभावित संबंधों की जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल घटना के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।
स्कूल में हुई इस हिंसक घटना ने स्थानीय समुदाय को झकझोर कर रख दिया है। बच्चों और शिक्षक की मौत से प्रभावित परिवारों में शोक का माहौल है। जांच एजेंसियां घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं।
#Oregon #USNews #SchoolShooting #WorldNews #RajsattaPost

