मुजफ्फरनगर में उत्तराखंड बॉर्डर के गांव में पिता-पुत्र की गोली मारकर हत्या, एसएसपी सूरज कुमार राय समेत तमाम अधिकारी मौके पर पहुंचे
अनुज त्यागी
मुजफ्फरनगर। जनपद के पुरकाजी थाना क्षेत्र के अंतर्गत उत्तराखंड बॉर्डर पर स्थित गांव दादूपुर में रविवार रात करीब सवा 8 बजे हथियारबंद हमलावरों ने घर में घुसकर पिता-पुत्र की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतकों की पहचान मुख्तियार सिंह (60) और उनके बेटे सुखजिंदर सिंह (34) के रूप में हुई है। वारदात के बाद हमलावर बाइक से फरार हो गए। दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही एसएसपी सूरज कुमार राय, सीओ सदर और पुरकाजी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। फील्ड यूनिट ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश सामने आई है। बताया जा रहा है कि मृतक पक्ष और आरोपियों के परिवार के बीच पहले से विवाद चल रहा था। परिवार के एक सदस्य मोनू की पिछले वर्ष 12 सितंबर 2025 को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में मोनू के भाई अंकित ने मुख्तियार के चाचा करतार सिंह और उनके दो साथियों सोनू व बलजिंदर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इसी हत्या की रंजिश में वर्तमान वारदात को अंजाम दिए जाने की आशंका जताई जा रही है।
मृतक पिता-पुत्र किसान बताए गए हैं। परिवार के एक सदस्य मोनू से जमीन को लेकर विवाद होने की बात भी सामने आई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
घटनास्थल के उत्तराखंड में होने को लेकर संशय
गांव दादूपुर उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की सीमा पर स्थित है। गांव का कुछ रकबा उत्तर प्रदेश तो कुछ उत्तराखंड में आता है। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि जिस मकान में वारदात हुई, उसका बिजली कनेक्शन और पीड़ित परिवार के वोटर आईडी व आधार कार्ड उत्तराखंड राज्य के हैं। ऐसे में घटनास्थल के वास्तविक क्षेत्राधिकार को लेकर संशय बना हुआ है। फिलहाल मुजफ्फरनगर पुलिस ही मामले में कार्रवाई कर रही है। राजस्व विभाग की रिपोर्ट में घटनास्थल दूसरे जनपद के क्षेत्र में आने की पुष्टि होने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी सूरज कुमार राय ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार पुलिस टीमों का गठन किया गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
#Muzaffarnagar #MuzaffarnagarPolice #CrimeNews #RajsattaPost
