चाय बनाने से इनकार पर पत्नी की हत्या, बच्चों के सामने हुई वारदात; आरोपी पति गिरफ्तार

गोंडा। उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में घरेलू विवाद के चलते एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। आरोप है कि चाय बनाने से इनकार करने पर पति ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। घटना के समय घर में दोनों बच्चे भी मौजूद थे। पुलिस ने मामले में आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, घटना कौड़िया थाना क्षेत्र के कोटिया मदारा गांव की है। मृतका की पहचान सुमन शुक्ला (35) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पति का नाम मनोज कुमार शुक्ला बताया गया है। बताया गया कि 20 नवंबर की रात चाय बनाने को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान गुस्साए पति ने पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात के समय घर में उनका 12 वर्षीय बेटा और चार वर्षीय बेटी मौजूद थे।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शुरुआती जांच में घरेलू विवाद के साथ पत्नी के चरित्र पर संदेह की बात भी सामने आई है। मृतका की मां की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पति और उसकी मां के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी मनोज कुमार शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल कुल्हाड़ी भी बरामद की गई है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *